रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:भोजन मांगने के बहाने घर पहुंचा साधु, बुजुर्ग महिला की सोने की बालियां गायब – A Sadhu Arrived At A House Under The Pretext Of Asking For Food; An Elderly Woman’s Gold Earrings Went Missing

November 25, 2026


सीसीटीवी फुटेज में जाते दिखा संदिग्ध, पुलिस टीम ने शुरू की छानबीन

डिजिटल पर न चलाएं

संवाद न्यूज एजेंसी

सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट पुलिस थाना क्षेत्र के तहत देव ब्राड़ता चौक पंचायत में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां गायब होने का मामला सामने आया है। घटना में एक साधु पर चोरी करने का आरोप लगाया गया है। बुजुर्ग महिला के बेटे को घटना की जानकारी दो दिन बाद मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाना सरकाघाट में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 21 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे बुजुर्ग महिला चंद्रमू देवी अपने घर में अकेली थीं। उनकी देखभाल के लिए पड़ोस में रहने वाली एक महिला उनके घर आई हुई थी। इसी दौरान एक साधु छोटी बच्ची के साथ उनके घर पहुंचा और बच्ची के लिए भोजन मांगा। पड़ोसन ने बच्ची को खाना खिलाने की बात कही और भोजन तैयार करने के लिए घर के अंदर चली गई।

आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां गायब हो गईं। उस समय महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। भोजन करने के बाद साधु बच्ची के साथ वहां से चला गया। कुछ देर बाद बुजुर्ग महिला ने अपने कानों में बालियां न होने की बात महसूस की। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक संदिग्ध साधु वहां से जा चुका था।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक घर में लगे कैमरे की फुटेज में कथित तौर पर साधु छोटी बच्ची के साथ जाते हुए दिखाई दिया। घटना के दो दिन बाद बुजुर्ग महिला के बेटे कृष्ण दत्त शर्मा को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X