Nainital News:खेल विभाग की लेटलतीफी से बिगड़ा खिलाड़ियों का शैक्षिक सत्र – Sports Department’s Delays Disrupt Academic Session For Athletes
हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम के बालक फुटबाल छात्रावास में नौ खिलाड़ियों का भविष्य अधर में
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्द्वानी। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बनाए गए आवासीय छात्रावास ही अब खिलाड़ियों की पढ़ाई की राह में रोड़ा बनते नजर आ रहे हैं। खेल विभाग की चयन प्रक्रिया में देरी का खामियाजा हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम के फुटबाल बालक छात्रावास में चयनित नौ खिलाड़ियों को भुगतना पड़ रहा है। शिक्षा सत्र पिछड़ने के चलते सरकारी विद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
इस वर्ष हल्द्वानी के आवासीय फुटबाल छात्रावास में चयनित कुल 14 बालकों में से नौ का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराया जाना है लेकिन स्कूलों में दाखिले की औपचारिकताएं पूरी नहीं हो पा रही हैं। मई में प्रस्तावित आवासीय खेल छात्रावासों की चयन प्रक्रिया इस साल सितंबर तक खिंच गई। इसके बाद निदेशालय स्तर से चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी करने में भी एक माह से अधिक का समय लग गया। इससे अप्रैल से शुरू हो चुके विद्यालयी सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया पीछे छूटती चली गई। अब चयनित खिलाड़ियों की पढ़ाई पर इसका असर पड़ रहा है।
कोट-
छात्रावास के खिलाड़ियों के दाखिले के संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया है। संबंधित अधिकारियों से जल्द प्रवेश सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।- डॉ. निर्मला पंत, जिला क्रीड़ाधिकारी
