प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त :धामी – Over 13,000 Acres Of Land In The State Cleared Of Encroachment: Dhami
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झनकईया मेले के शुभारंभ के दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता और मूल अस्तित्व बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए लैंड जिहाद और लव जिहाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई। राज्य में 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई।
सीएम धामी ने कहा कि कहा कि सीमांत और जनजाति क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास सहायता राशि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। आवास योजना के माध्यम से जनजाति परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। केंद्रीय ग्राम्य विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में प्रदेश के लिए 50 हजार अतिरिक्त मकान स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। 250 से अधिक मदरसों को बंद कर बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए मदरसा बोर्ड के स्थान पर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष की भतीजी को दिया आशीर्वाद
सितारगंज। झनकईया में गंगा स्नान मेले का शुभारंभ करने के बाद सीएम धामी सितारगंज पहुंचे। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल की भतीजी को विवाह बंधन में बंधने पर आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। सीएम के यहां पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद वह जीआईसी सितारगंज के मैदान में बनाए गए हेलीपैड पहुंचे और वहां से देहरादून के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी संजय बाछाड़, नगरपालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल, आदेश ठाकुर, कार्तिक राय आदि मौजूद रहे।
