Bulandshahar News:एक दिन में तीन डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान, 10 डिग्री पर पहुंचा पारा – Minimum Temperature Drops By Three Degrees In One Day; Mercury Reaches 10 Degrees
बुलंदशहर। जिले में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में एक दिन के भीतर तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था, जो मंगलवार को गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा। तापमान में गिरावट के चलते रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ गया है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंडी हवा का सामना करना पड़ा। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम में गर्माहट आ गई और लोगों को ठंड से राहत मिली। शाम ढलने के बाद फिर से ठंड बढ़ने लगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को भी अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक तापमान में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव और कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम वैज्ञानिक डॉ. रेशु सिंह के अनुसार, वर्तमान मौसम गेहूं, सरसों और आलू की फसलों के लिए अनुकूल है। तापमान में गिरावट से गेहूं की बुवाई के लिए अच्छी परिस्थितियां बन रही हैं। किसानों को खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखते हुए समय से बुवाई करनी चाहिए। सरसों की फसल में ठंड से बढ़वार अच्छी हो सकती है, जबकि आलू में कंद बनने की प्रक्रिया के लिए भी मौसम अनुकूल है।
