Bijnor News:गंगा तट पर उमड़ा श्रद्धा का समंदर, लगाई आस्था की डुबकी – A Vast Tide Of Devotion Surged Along The Banks Of The Ganges, As People Took A Sacred Dip
– मां गंगा के तट पर दिखा आस्था, उल्लास और संस्कृति का संगम
– डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, गंगा स्नान मेले में पहुंचे करीब छह लाख श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पतित पावनी के तट पर श्रद्धा का समंदर उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे का जयघोष करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। भागीरथी के तट पर आस्था, उल्लास और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने स्नान-दान कर मंगल कामना की। वहीं बालकों के मुंडन संस्कार भी गंगा के तट पर कराए गए।
सोमवार आधी रात से ही गंगा के तट हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजने लगे। इससे पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट पर पहुंच गए थे। रात 12 बजे से श्रद्धालुओं ने स्नान शुरू कर दिया। मंगलवार सुबह होते ही घाटों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया और खिचड़ी का दान भी किया।
मंगलवार दोपहर बाद श्रद्धालुओं के मेले से लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब चार दिन तक मेले में डेरा जमाए रहे श्रद्धालु अपने वाहनों से घरों की ओर रवाना होने लगे। इसी दौरान आसपास के गांवों के लोग भी मेला देखने पहुंच गए। श्रद्धालुओं की वापसी और स्थानीय लोगों की आवाजाही बढ़ने से कई स्थानों पर जाम लग गया।
मुख्य स्नान के आखिरी दिन शाम करीब 4:30 बजे तक मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की काफी आवाजाही रही। बिजनौर-बदायूं हाईवे और हल्दौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात सुचारु कराने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
डीएम-एसपी ने रात में परखी सुरक्षा व्यवस्था
सोमवार रात जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने विदुर कुटी गंगा स्नान मेले का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय रातभर मेले में डटे रहे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही यातायात व्यवस्था संभालने में सक्रियता दिखाई।

बिजनौर में विदुर कुटी पर गंगा घाट पर बच्चे का मुंडन कराते श्रद्घालु।
