Banda News:गर्भवती की मौत, हत्या का आरोप – Pregnant Woman Dies; Murder Alleged
बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के तरखरी गांव में गर्भवती की मौत के मामले में मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मां का आरोप है कि बेटी को प्रताड़ित कर मारपीट की गई और गला घोंटकर हत्या के बाद शव को फंदे पर लटका दिया गया। मां ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है।
तरखरी गांव निवासी रवि साहू ने बताया कि उसकी पत्नी पूनम (28) ने रविवार सुबह कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। पति ने बताया कि शनिवार रात खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद सभी सो गए थे।
उधर, मरका थाना क्षेत्र के समगरा गांव निवासी मृतका की मां रजनी और पिता हरिश्चंद्र ने आरोप लगाया कि पूनम पांच माह की गर्भवती थी। शनिवार 21 नवंबर की शाम करीब छह बजे उसने फोन पर मां को रोते हुए प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी।
मां का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करते थे। कई बार समझाने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। गिरवां थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि मायके पक्ष से तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
