राष्ट्रीय राजमार्ग गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग स्थित बरदह चौराहे पर मंगलवार को दो बसों के बीच बाइक लेकर निकल रहा एक युवक दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। तरवां थाना क्षेत्र के लहुआ गांव निवासी मुकेश कुमार अपने भाई रोहित के साथ बाइक से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर से जौनपुर की ओर जा रही एक निजी बस और सड़क किनारे सवारी उतार रही रोडवेज बस के बीच वह फंस गए। हादसे की आशंका को देखते हुए बाइक सवार और स्थानीय लोगों ने निजी बस को रोक लिया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद बस को जाने दिया गया। युवक ने बस का नंबर नोट कर बरदह थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि सड़क से अतिक्रमण हटवाकर रास्ता खाली कराया जाएगा, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले। संवाद