कन्नौज। रोडवेज को ओवरटेक करने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक बस से टकराकर कार में जा घुसी, इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सरायमीरा अंधा मोड़ के समीप मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रोडवेज बस से टकराकर बाइक कार में जा घुसी इससे बाइक सवार मोहल्ला सरायमीरा ठेकेदार गली निवासी शिवा गुप्ता (27) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से नाजुक हालत में कानपुर रेफर किया। परिजन के अनुसार कानपुर ले जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि युवक डेयरी से दूध लेकर आ रहा था, तभी हादसा हो गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।