Kaithal News:सस्ते सामान का झांसा दे ठगी, फोनपे हैक कर भी खाते से उड़ाए 3.70 लाख रुपये – Fraud Committed Under The Pretext Of Offering Cheap Goods; Phonepe Account Hacked And Rs 3.70 Lakh Siphoned Off
करनाल। सोशल मीडिया पर दिखाए विज्ञापन में ऑनलाइन सस्ते सामान का झांसा देकर साम्भली गांव के सुंदर लाल को ठग लिया गया। उन्होंने फेसबुक पर डेकोरेशन फ्रेम का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर किया था। शुरुआत में 2000 रुपये का भुगतान के बाद सामान की डिलीवरी नहीं हुई। कुछ दिन बाद उसका फोनपे हैक कर बैंक खाते से आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 3 लाख 70 हजार 408 रुपये 88 पैसे निकाल लिए गए।
सुंदर लाल ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 अक्तूबर को उसने फेसबुक पर डेकोरेशन फ्रेम का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के आधार पर उसने ऑनलाइन ऑर्डर किया और 2000 रुपये की पेमेंट कर दी। उसे तीन दिन में सामान पहुंचाने का भरोसा दिया गया था लेकिन निर्धारित समय में ऑर्डर नहीं मिला।
31 अक्तूबर को उसके पास व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने 420 रुपये और स्कैनर पर जमा कराने को कहा। पेमेंट नहीं करने पर ऑर्डर रद्द होने की बात कही गई। सुंदर लाल ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद 4 नवंबर को उसे ट्रैकिंग नंबर भेजकर बताया गया कि स्कैनर से 800 रुपये जमा कराने पर केवल 20 रुपये कटेंगे और बाकी रकम वापस हो जाएगी। शिकायतकर्ता ने 800 रुपये जमा करा दिए लेकिन सामान फिर भी नहीं मिला।
एक दिन में आठ बार खाते से निकले रुपये
शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर को मोबाइल नंबर 6290351693 से फोन आया। इसके बाद 9 नवंबर को उसके फोनपे के माध्यम से खाते से लगातार रकम निकलने लगी। सुंदर लाल के कैनरा बैंक खाते से पांच बार करीब 20-20 हजार रुपये और दो बार एक लाख 25 हजार रुपये से अधिक की रकम निकाली गई। इसके अलावा एक और 20 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। कुल आठ ट्रांजेक्शन में 3,70,408.88 रुपये खाते से निकल गए।
