Mahoba News:सहालग में चमका फर्नीचर बाजार, 20 फीसदी बिक्री बढ़ी – Furniture Market Shines During The Wedding Season; Sales Up By 20 Percent
हमीरपुर। सहालग शुरू होते ही फर्नीचर बाजार में रौनक लौट आई है। शादी-विवाह वाले घरों के लोग फर्नीचर की खरीदारी करने दुकानों और शोरूम पहुंच रहे हैं। इसका असर कारोबार पर भी दिखने लगा है। कारोबारियों के मुताबिक पिछले सप्ताह की तुलना में फर्नीचर की बिक्री 20 प्रतिशत तक बढ़ी है।
दिवाली के दौरान बाजार में रौनक रहने के बावजूद फर्नीचर की दुकानों पर अपेक्षाकृत कम ग्राहक पहुंचे थे। अब सहालग के चलते खरीदारी तेज हो गई है। बेड, सोफा सेट, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल और डाइनिंग टेबल की मांग बढ़ी है। खास बात यह है कि ग्राहक पारंपरिक फर्नीचर के साथ आधुनिक डिजाइन और कम जगह घेरने वाले विकल्पों को पसंद कर रहे हैं। इस बार हाइड्रोलिक बेड और मॉड्यूलर फर्नीचर ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।
फर्नीचर कारोबारी सफाक और महेश ने बताया कि सहालग में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले सप्ताह के मुकाबले बिक्री में 20 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। ग्राहक अब टिकाऊपन के साथ आकर्षक डिजाइन और बेहतर फिनिशिंग को भी महत्व दे रहे हैं।
……………….
फर्नीचर की कीमत
फर्नीचर – लकड़ी का प्रकार – औसत कीमत
डबल बेड – शीशम/सागौन – 25 से 35 हजार
पांच सीटर सोफा सेट – सागौन – 22 से 30 हजार
छह कुर्सी डाइनिंग टेबल – शीशम/रोजवुड – 40 से 45 हजार
तीन दरवाजे वाली अलमारी – लोहा – 16 से 20 हजार
ड्रेसिंग टेबल – शीशम/पाइनवुड – 09 से 16 हजार
नोट: कीमतें बाजार और फर्नीचर की गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं।
