Banda News:कर्ज की बेड़ियों में जकड़ी रही जमीन…आजाद हो गया शिवकरन – The Land Remained Shackled In Debt… Shivkaran Has Been Set Free
बांदा। बेटियों की शादी के लिए जमीन गिरवी रखकर लिया गया कर्ज जमीन के साथ-साथ शिवकरन निषाद को भी बेड़ियों में जकड़ता रहा।
10 साल तक इन बेड़ियों को तोड़ने की कोशिश में शिवकरन का शरीर और हौसला दोनों जवाब दे गए। अंत में शिवकरन जमीन को तो आजाद न कर सका, लेकिन आग लगाकर वह खुद आजाद जरूर हो गया।
जसपुरा थाना क्षेत्र के कुटी रामलाल डेरा अमारा निवासी शिवकरन निषाद (60) ने रविवार को घर के बंद कमरे में ज्वलनशील पदार्थ डालकर रजाई और गद्दे को लपेटकर आत्मदाह कर लिया था। परिवार के अनुसार शिवकरन ने करीब दस साल पहले बेटियों की शादी के लिए कर्ज लेना शुरू किया था। उनके हिस्से में पांच बीघा जमीन आई थी।
बेटियों की शादी के खर्च के लिए धीरे-धीरे पूरी जमीन गिरवी रखनी पड़ी। इसके बाद दो और बेटियों की शादी की जिम्मेदारी आई तो कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया।
रिश्तेदारों और गांव के अलग-अलग लोगों से करीब पांच लाख रुपये उधार लिए थे। इसके अलावा चार बीघा जमीन तीन लाख रुपये में गिरवी रखी थी। कर्ज चुकाने और आर्थिक जरूरतों के बीच किसी तरह बहन और बेटियों से रुपये लेकर एक बीघा जमीन ही छुड़ा पाए थे। आर्थिक तंगी के बीच वह शराब का भी आदी हो गया था।
एक साल पहले बड़े बेटे वीरेंद्र की शादी करनी पड़ी। इसमें भी किसी तरह खर्च उठाया। दोनों बेटे अभी कमाने की उम्र में ही थे। वीरेंद्र करीब 22 और राहुल 20 साल के हैं। दोनों बाहर रहकर मजदूरी करते थे। काम करने की ताकत कम हुई तो परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया।
पोस्टमार्टम हाउस में सोमवार को पहुंचे उनके भाई जयकरन निषाद ने बताया कि शिवकरन की तीन बेटियां माया, शिवरानी और अंजना हैं। तीनों की शादी करीब दस साल के अंतराल में की थी। आर्थिक तंगी के चलते वह अक्सर परेशान रहते थे। भाई ने साहूकारी वाले कर्ज से इन्कार किया है।
बताया कि शिवकरन कुटी डेरा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान में अकेले रहते थे। प्रधान से कहकर उन्होंने यह मकान बनवाया था। उनकी पत्नी गेंदिया और बहू आसनी करीब एक किलोमीटर दूर रामलाल का डेरा स्थित पुराने घर में रहती हैं।
रविवार को शिवकरन रामलाल का डेरा स्थित घर में सुबह खाना खाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वापस कुटी डेरा चले गए। इसके बाद उन्होंने खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर बिछाने वाले गद्दे को लपेट लिया और आग लगा ली। आग में बुरी तरह झुलसने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पिता की मौत की खबर सुनकर दोनों बेटे घर पहुंच रहे हैं।
कमरे में मिलीं खाली बोतलें, एक में पेट्रोल-डीजल जैसी गंध
पुलिस की जांच के दौरान शिवकरन का मोबाइल फोन सुरक्षित मिला है। वहीं कमरे में कई खाली बोतलें पड़ी मिलीं। सूत्रों के अनुसार, इनमें एक बोतल से पेट्रोल या डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ की गंध आ रही थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि आग लगाने के लिए पेट्रोल या डीजल का इस्तेमाल किया गया होगा। थानाध्यक्ष जसपुरा सीपी तिवारी ने बताया कि परिजन कर्ज की बात कह रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
