रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार में डबल मर्डर:शादी में अंधाधुंध फायरिंग, दो दोस्तों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर; जानिए क्या है मामला? – Wedding Turns Into Crime Scene In Bhojpur: Gunmen Open Fire, Two Dead, Sit Formed Bihar Crime News
पटना

बिहार में डबल मर्डर:शादी में अंधाधुंध फायरिंग, दो दोस्तों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर; जानिए क्या है मामला? – Wedding Turns Into Crime Scene In Bhojpur: Gunmen Open Fire, Two Dead, Sit Formed Bihar Crime News

November 25, 2026


बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान खूनी वारदात सामने आई है। मामा की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे तीन दोस्तों पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दो युवकों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद शादी की खुशियां चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गईं। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को गोलीबारी की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

मृतकों की पहचान शुभकरण गंज गांव निवासी सनोज यादव के 18 वर्षीय बेटे राहुल कुमार और महंत यादव के 22 वर्षीय बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गोली लगने से दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय बेटा सोनू कुमार घायल हुआ है। उसका आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बाइक से शादी समारोह में पहुंचे थे तीनों दोस्त

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम राहुल कुमार अपने दोस्त दीपक और सोनू के साथ बाइक से बीबीगंज चकिया गांव पहुंचा था। राहुल के मामा रामनरेश यादव की बेटी की शादी थी। तीनों दोस्त समारोह में शामिल थे। इसी दौरान चार-पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और युवकों को निशाना बनाकर गोलियां चलाने लगे। अचानक हुई फायरिंग से समारोह में भगदड़ मच गई। गोली लगने से राहुल और दीपक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सोनू गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

घायल ने ढेमन यादव और उसके भतीजे पर लगाया आरोप

अस्पताल में इलाजरत सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि वह राहुल और दीपक के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान कुछ लोग पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। सोनू ने गोलीबारी में ढेमन यादव, उसके भतीजे आशीष यादव और तीन-चार अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। घायल का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह केवल शादी में शामिल होने आया था।

तीन खोखे और एक पिलेट बरामद, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि 24 और 25 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 11 बजे चकिया गांव में शादी समारोह के पास गोलीबारी हुई थी। इसमें तीन युवकों को गोली लगी थी। इलाज के दौरान राहुल और दीपक की मौत हो गई, जबकि सोनू घायल है। शुरुआती जांच में पुराना विवाद सामने आया है। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गई है। घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किए गए हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X