मेरठ के बिजौली में गंगा एक्सप्रेसवे किनारे प्रस्तावित बॉल इंडिया के एल्युमीनियम कैन प्लांट के भूमि पूजन कार्यक्रम का किसानों ने विरोध किया। प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल की ओर जाने से रोक दिया। अमेरिका की बॉल कॉरपोरेशन से जुड़ी कंपनी इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में पेय पदार्थों के कैन बनाने का प्लांट स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़कर प्लांट का शिलान्यास करने वाले हैं।
भूमि पूजन से पहले किसानों का विरोध, पुलिस ने रोका
बिजौली में प्लांट के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विरोध जताया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोक दिया। इस दौरान काफी संख्या में महिलाएं भी पहुंच गईं। महिलाओं व किसानों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
बता दें कि भूमि पूजन के कार्यक्रम के लिए पंडाल तैयार किया गया है। यहां बड़ी स्क्रीन लगाई गई है और 100 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा राज्य मंत्रियों तथा क्षेत्र के किसानों के शामिल होने की तैयारी है।