Charkhi Dadri News:जिला स्तरीय रोजगार मेला, 15 कंपनियां लेंगी विद्यार्थियों के साक्षात्कार – District-level Job Fair: 15 Companies To Conduct Interviews With Students
चरखी दादरी। समग्र शिक्षा की ओर से 25 नवंबर को पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चरखी दादरी में जिलास्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के तहत व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
रोजगार मेला अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में आयोजित होगा। इसमें सत्र 2025-26 में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले वोकेशनल विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और व्यावसायिक दक्षता के अनुरूप रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मेले में जिले के 18 राजकीय विद्यालयों से 10 अलग-अलग स्किल सेक्टरों के लगभग 78 विद्यार्थी भाग लेंगे।
विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए करीब 15 कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कंपनियों के प्रतिनिधि विद्यार्थियों के साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता, कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर चयन करेंगे।
जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) अलका व सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी) कर्मवीर सिंह ने बताया कि रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। समग्र शिक्षा की यह पहल व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
