राजस्थान:दौसा जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की बीना बैरवा के नाम पर मुहर, निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय – Beena Bairwa Emerges As The Candidate For Zila Pramukh;pilot Faction Triumphs In The Gehlot Vs. Pilot Battle
दौसा जिला परिषद में जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस के अंदर कई दौर की उठापटक और मंथन के बाद आखिरकार बीना बैरवा के नाम पर सहमति बन गई है। कांग्रेस ने उन्हें जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार घोषित किया है। बीना बैरवा दौसा विधायक डीसी बैरवा की पत्नी हैं। उनके नाम पर मुहर लगने के साथ ही पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना बैरवा जिला प्रमुख की दौड़ से बाहर हो गई हैं।
दो गुटों की लड़ाई में पायलट गुट ने मारी बाजी
दौसा जिला प्रमुख पद के लिए मुख्य रूप से दो नामों की चर्चा थी। इनमें पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना बैरवा और विधायक डीसी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा शामिल थीं। बताया जा रहा है कि ममता भूपेश को अशोक गहलोत गुट का माना जाता है, जबकि विधायक डीसी बैरवा सचिन पायलट गुट के समर्थक हैं। ऐसे में जिला प्रमुख का चुनाव दोनों गुटों की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था। कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद बीना बैरवा के नाम पर सहमति बनी और पायलट गुट अपनी पसंद का उम्मीदवार तय कराने में सफल रहा।
37 में से 35 सीटें कांग्रेस के पास
दौसा जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से 35 पर कांग्रेस के सदस्य निर्वाचित हुए हैं, जबकि भाजपा के पास केवल दो सीटें हैं। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा के पास इस आरक्षण के अनुरूप निर्वाचित महिला सदस्य नहीं होने के कारण वह उम्मीदवार नहीं उतार पा रही है। ऐसे में बीना बैरवा का निर्विरोध जिला प्रमुख चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
सरपंच से प्रधान और अब जिला प्रमुख तक का सफर
बीना बैरवा का राजनीतिक सफर सरपंच के रूप में शुरू हुआ था। इसके बाद वे लवाण पंचायत समिति की प्रधान भी रह चुकी हैं। अब जिला प्रमुख पद की दावेदारी के साथ उनका राजनीतिक कद और बढ़ने जा रहा है।
कलेक्टर को सौंपा नामांकन
बीना बैरवा ने दौसा कलेक्टर को जिला प्रमुख पद के लिए अपना नामांकन सौंपा। चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होने की संभावना है। कांग्रेस के सदस्यों की संख्या को देखते हुए मुकाबले की संभावना नहीं मानी जा रही है।
