नशे और अपराध पर रोक लगाने के लिए जनसहयोग जरूरी :अभिषेक – Public Cooperation Is Essential To Curb Drug Abuse And Crime: Abhishek
पर्यटन स्थल शांघड़ में किया बैठक का आयोजन
पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने विशेष तौर पर लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। पर्यटन स्थल शांघड़ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें विशेष तौर पर पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने शिरकत की। जबकि इसमें क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, पर्यटन से जुड़े कारोबारी, टैक्सी यूनियन और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। बैठक के दौरान क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपायों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। पर्यटन को बढ़ावा देने में पुलिस की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। पुलिस और आमजन के बीच सकारात्मक संबंध स्थापित करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर थाना सैंज से भी पुलिस जवानों ने हिस्सा लिया और अपने विचार रखे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों का सहयोग मांगा और उन्हें भी पुलिस की ओर से सहयोग देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाने के लिए विस्तृत जानकारी प्रदान की। आपातकालीन स्थिति में 112 हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग के बारे में भी सभी को अवगत कराया गया। कुल्लू पुलिस ने सुरक्षित पर्यटन, नशामुक्त समाज और बेहतर पुलिस-जन सहयोग के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
