Jalandhar News:56,500 रुपये ड्रग मनी व हेराेइन समेत पांच काबू – 56,500 In Drug Money And Five Caught With Heroin
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीरा और फिरोजपुर कैंट थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 504 ग्राम हेरोइन, एक देसी कट्टा 12 बोर, दो कारतूस, 56,500 रुपये ड्रग मनी, एक कार, एक बाइक और दो मोबाइल बरामद किए हैं।
थाना जीरा के एसएचओ विक्रमजीत सिंह और सीआईए स्टाफ जीरा की टीम ने गश्त के दाैरान सरकारी मिडिल स्कूल गुज्जरां के पास आरोपी अजैब सिंह, सैमसन और सिमरजीत सिंह को सूचना के आधार पर काबू कर लिया। इनके कब्जे से 404 ग्राम हेरोइन, एक देसी कट्टा, दो कारतूस और बाइक बरामद हुई।
दूसरे मामले में फिरोजपुर कैंट पुलिस ने यतीमखाना चौक पर गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर धोबी घाट से पवन कुमार निवासी मलोट और रवि कुमार निवासी भुल्लर कॉलोनी, श्री मुक्तसर साहिब को गिरफ्तार किया। इनसे 100 ग्राम हेरोइन, 56,500 रुपये, कार और दो मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
