Rampur Bushahar News:अस्पताल- बाजार पैदल मार्ग पर पलटी सामान से लदी पिकअप, टला बड़ा हादसा – Pickup Truck Loaded With Goods Overturns On The Hospital-market Footpath
नेरवा में प्रतिबंधित रास्ते पर वाहनों की आवाजाही से लोगों में रोष, प्रशासन से सख्ती की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। सिविल अस्पताल नेरवा को मुख्य बाजार से जोड़ने वाले शालवी नदी के दूसरे छोर स्थित पैदल मार्ग पर सामान से लदी महिंद्रा पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय मार्ग से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, यह मार्ग केवल पैदल यात्रियों की आवाजाही के लिए निर्धारित है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे अस्पताल और बाजार को आते-जाते हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर इस संकरे रास्ते पर वाहन ले जाते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। करीब तीन महीने पहले भी दूध और ब्रेड की सप्लाई करने वाला एक वाहन इसी मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। लोगों ने प्रशासन और नगर पंचायत नेरवा से मांग की है कि पैदल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
