पिथौरागढ़। सड़क की मांग पर आखिरकार कनार के ग्रामीणों का आमरण अनशन 13वें दिन खत्म हो गया है। मंगलवार दोपहर कलक्ट्रेट के बाहर रामलीला मैदान में अनशन स्थल पर एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा, पीएमजीएसवाई धारचूला किशन सिंह ऐरी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में प्रशासन के लिखित में शर्तें मानने पर ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित करने पर सहमति जताई। एसडीएम ने अनशनकारियों को जूस पिलाया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि तय समय पर वन विभाग की एनओसी सार्वजनिक नहीं हुई तो वे एक जनवरी से फिर से आंदोलन शुरू कर देंगे। अधिकारियों ने इस पर सहमति जताई। इसके बाद ग्रामीण अनशन से उठे और प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस मौके पर कई ग्रामीण मौजूद रहे।