रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:न लाइटें जल रहीं, न चल रहे वाइपर, कोहरे में यात्री करेंगे खतरों का सफर – Neither The Lights Are On Nor The Wipers Are Working, Passengers Will Face Danger In The Fog
हाथरस

Hathras News:न लाइटें जल रहीं, न चल रहे वाइपर, कोहरे में यात्री करेंगे खतरों का सफर – Neither The Lights Are On Nor The Wipers Are Working, Passengers Will Face Danger In The Fog

November 25, 2026


हाथरस। हाथरस डिपो की करीब 35 बसें बेहद जर्जर और असुरक्षित हालात में सड़कों पर दौड़ रही हैं। इन बसों में न तो आगे की लाइटें ठीक से जल रही हैं और न ही पीछे के इंडिकेटर, ब्रेक लाइटें व वाइपर दुरुस्त हैं। कोहरे के बीच यह लापरवाही सीधे तौर पर यात्रियों की जान को जोखिम में डाल सकती है।

कोहरे के मौसम में सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है। ऐसे समय में वाहनों की फॉग लाइट, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर और ब्रेक लाइटें ही हादसों को टालने का सबसे बड़ा सहारा होती हैं, लेकिन हाथरस डिपो की इन बसों में आगे की छोटी लाइटें खराब पड़ी हैं।

इससे भी ज्यादा खतरनाक स्थिति बसों के पिछले हिस्से की है, जहां अधिकतर बसों की ब्रेक लाइटें और इंडिकेटर काम ही नहीं कर रहे हैं। रात और कोहरे के समय बस के मुड़ने या अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे वाहनों को कोई संकेत नहीं मिल पाता, जिससे हर पल भीषण सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

कोहरे और ओस के दौरान बस के आगे के शीशे को साफ रखने के लिए वाइपर का दुरुस्त होना अनिवार्य है, लेकिन कई बसों के आगे से वाइपर ही नदारद हैं, जबकि कई बसों के वाइपर जंग लगने या तकनीकी खराबी के कारण जाम पड़े हैं। चालकों का कहना है कि कोहरे में शीशे पर नमी जमने के बाद बिना वाइपर के बस चलाना जान जोखिम में डालने जैसा है। मजबूरी में चालकों को बार-बार बस रोककर कपड़े से शीशा साफ करना पड़ता है। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि हो सकता है कि कुछ बसों की लाइटें खराब हो गईं हों, सामान मिलते ही सभी बसों को दुरुस्त कराया जा रहा है।

अव्यवस्थाओं पर फूट चुका है कर्मचारियों का गुस्सा

बसों की इस बदहाली के पीछे डिपो की कार्यशाला में कलपुर्जों और जरूरी सामान की कम आवक एक बड़ा कारण मानी जा रही है। समय पर बल्ब, वाइपर ब्लेड, वायरिंग और अन्य मरम्मत का सामान उपलब्ध न होने के कारण खराबी दूर नहीं हो पा रही है। इन्हीं अव्यवस्थाओं और खराब बसों को जबरन रूट पर भेजने के दबाव के चलते पिछले दिनों चालक और परिचालकों का गुस्सा फूट पड़ा था। कर्मचारियों ने कार्यशाला में सामान की कमी और रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूटी है और बिना सुरक्षा मानकों को पूरा किए ही बसों को मार्गों पर दौड़ाया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X