Sitapur News:आबोहवा फिर बिगड़ी, सुबह की सैर के दौरान बरतें सतर्कता – Air Quality Has Deteriorated Again; Exercise Caution During Morning Walks
सीतापुर। जिले में सर्दी बढ़ने के साथ आबोहवा भी एक बार फिर बिगड़ने लगी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 311 पहुंच गया। बेहद खराब श्रेणी में हवा होने से सांसों पर संकट गहराने लगा है। ऐसे में सुबह की सैर लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती है।
बुधवार की सुबह धुंध की चादर में लिपटी रही। कोहरा छंटने पर धूप निकली लेकिन सर्द हवा लोगों को ठिठुरन का अहसास कराती रही। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बुधवार को अधिकतम 26 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में पछुवा के असर से सर्दी बढ़ने के आसार हैं।
लगातार बढ़ रही सर्दी का असर बुधवार सुबह को भी दिखा। लोगों को गर्म कपड़े पहनने के बाद भी सर्दी का अहसास होता रहा। सबसे ज्यादा परेशानी बाइक सवारों को हुई। धुंध के कारण चार पहिया वाहन भी धीमी गति से आगे बढ़ते नजर आए। हालांकि दिन चढ़ने पर कोहरा छंट गया और धूप निकल आई। धूप ने सर्दी से कुछ राहत दिलाई, लेकिन हवा तेज होने से सिहरन का असर बना रहा। दिन भर पांच किमी की गति से चलने वाली सर्द हवा परेशान करती रही।
सर्दी बढ़ने के साथ जिले की आबोहवा एक बार फिर बिगड़ने लगी है। मंगलवार की तुलना में बुधवार को एक्यूआई 112 अंक बढ़कर 311 पर पहुंच गया। यह श्रेणी बेहद खराब मानी जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक हवा में ऑक्सीजन का स्तर घटा है, जबकि नाइट्रोजन ऑक्साइड, पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे हानिकारक तत्व तेजी से बढ़ गए हैं। जिले की हवा में बुधवार को नाइट्रोजन ऑक्साइड का स्तर औसतन मानक से कहीं अधिक दर्ज किया गया है। इससे लोगों में सांस से जुड़ी बीमारियों के मामले बढ़ सकते हैं।
जिला अस्पताल के डॉ. अनुपम मिश्र का कहना है कि प्रदूषित हवा के असर से आंखों में जलन, गले में खराश और सिरदर्द की शिकायतें हो सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो सकती है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह-शाम खुले में सैर से बचें, मास्क का प्रयोग करें। इसके अलावा संभव हो तो घरों में एयर प्यूरिफायर का इस्तेमाल बढ़ाने से लाभ मिलता है।
