Hamirpur (himachal) News:प्री-आरडी कैंप में 300 स्वयंसेवियों ने सीखा अनुशासन और सुरक्षा का पाठ – 300 Volunteers Learned Lessons In Discipline And Safety At The Pre-rd Camp
जाहू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्रदेश स्तरीय प्री-आरडी कैंप के दूसरे दिन बुधवार को 300 स्वयंसेवियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। दिनभर प्रभातफेरी, योगाभ्यास, परेड प्रशिक्षण और अग्निशमन जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
स्वयंसेवियों ने सुबह स्कूल परिसर से जाहू बाजार तक प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूकता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। एनएसएस जिला हमीरपुर समन्वयक रामलाल ने बताया कि प्रदेशभर से पहुंचे 300 स्वयंसेवियों को चार समूहों में बांटकर परेड का अभ्यास करवाया जा रहा है।
जाहू पंचायत के खेल मैदान में आयोजित अभ्यास के दौरान स्वयंसेवियों को परेड के विभिन्न तरीकों और अनुशासन की जानकारी दी गई। शैक्षणिक सत्र में अग्निशमन उपकेंद्र भोरंज के प्रभारी ईश्वर सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवियों को आगजनी की घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में बताया गया।
कैंप में ऑब्जर्वर एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वीं के प्रधानाचार्य निर्मल कुमार, कैंप कमांडर मुकेश सलारिया, परेड कमांडर ललिता बांगिया, मुख्य चयनकर्ता सांस्कृतिक दिला राम चौहान, राज्य मीडिया प्रभारी राय सिंह रावत और जिला समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डीआर भट्टी आदि उपस्थित रहे।
