संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। जिला मंडी के पंडोह में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए महत्वपूर्ण शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) आयोजित की गई। भर्ती परीक्षा में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया। बुधवार को भर्ती प्रक्रिया के लिए 1,594 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
बुलाए गए अभ्यर्थियों में से 900 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। वहीं, 694 अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, पूर्व निर्धारित तिथियों से पुनर्निर्धारित किए गए 33 अभ्यर्थियों ने भी आज भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इस प्रकार, कुल 937 अभ्यर्थियों ने अपनी शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया पूर्ण की। इन अभ्यर्थियों में 470 पुरुष और 467 महिला अभ्यर्थी शामिल थे, जिन्होंने अपनी परीक्षाएं दीं।
निर्धारित शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानकों को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 90 रही। महिला वर्ग से 215 अभ्यर्थियों ने इन मानकों को सफलतापूर्वक पार किया। 25 नवंबर को कुल 305 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के इस चरण में सफल घोषित किए गए। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती की यह प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संपन्न करवाई जा रही है।

पंडोह स्थित बटालियन के मैंदान में कांस्टेबल भर्ती के लिए उंची कूद लगाती अभ्यर्थी। संवाद– फोटो : नगर निगम