गुना:हाईवे पर बाइक की टक्कर ने ली कुख्यात अपराधी की जान, पांच दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था घर – Criminal Was Killed In Motorbike Collision On Highway; He Had Returned Home From Jail Just Five Days Earlier
नेशनल हाईवे-46 पर रुठियाई के पास सोमवार शाम हुआ एक सड़क हादसा एक कुख्यात अपराधी की जिंदगी का आखिरी मोड़ साबित हुआ। हड्डीमील निवासी 36 वर्षीय एहसान पारदी की बाइक को पीछे से आए एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एहसान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार की दरमियानी रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी पारोबाई ने पुलिस को बताया कि सोमवार को वे दोनों रिश्तेदारों से मिलने रुठियाई गए थे। शाम को बच्चों के साथ गुना लौटने के लिए वे रुठियाई से निकले थे। गुना आने के लिए उन्हें बस पकड़नी थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एहसान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। उसे गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- ‘लाडली बहना योजना की राशि से अंडा-मुर्गा खाओ’: भाजपा विधायक का अनोखा बयान,महिलाओं से कहा- वोट कमल को देना
पत्नी के मुताबिक, हादसे के समय एहसान के साथ बच्चे भी थे, लेकिन उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई। हादसे के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। एहसान की मौत की खबर के बाद जब पुलिस ने उसका रिकॉर्ड खंगाला, तो उसकी आपराधिक कुंडली सामने आ गई। वह कोई आम आदमी नहीं, बल्कि कई राज्यों की पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज एक कुख्यात अपराधी था। जानकारी के मुताबिक, एहसान पांच दिन पहले ही महाराष्ट्र के पाली जिले की जेल से छूटकर गुना लौटा था। वह वहां चोरी के प्रयास के एक मामले में बंद था। रिहा होने के बाद वह अपने परिवार के साथ रह रहा था और रिश्तेदारों से मिलने-जुलने जा रहा था।
9 सितंबर को महाराष्ट्र के पाली जिले में एक बड़ी वारदात हुई थी। सादड़ी के राणकपुर रोड स्थित शिव ज्वेलर्स की दुकान में रात करीब 1:30 बजे बदमाशों ने पीछे से दीवार में छेद करके चोरी की कोशिश की थी। दुकान संचालक अशोक कुमार दुकान के अंदर ही सो रहे थे। आवाज सुनकर वे जाग गए और उन्होंने परिवार व पड़ोसियों को जगा दिया। जब सभी लोग छत पर पहुंचे, तो बदमाशों ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एहसान पारदी भी शामिल था। इसी मामले में वह पाली जेल में बंद था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, एहसान पारदी पर 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। अकेले गुना जिले में ही उसके खिलाफ 19 मामले दर्ज थे। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, चोरी, लूट और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इसके अलावा अशोकनगर, राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक, वह एक पारदी गिरोह का सक्रिय सदस्य था, जो अलग-अलग राज्यों में जाकर चोरी, लूट और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही टक्कर मारने वाले बाइक सवार का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
