रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कालिदास समारोह में गंगा का जज्बा:पट्टी बंधे पैर और पिता के सहारे मंच तक पहुंचीं, वायलिन से बांधा समां – Injured Foot Fails To Stop 13-year-old Violinist Ganga Shashidharan From Kalidas Samaroh Crowd In Ujjain
उज्जैन

कालिदास समारोह में गंगा का जज्बा:पट्टी बंधे पैर और पिता के सहारे मंच तक पहुंचीं, वायलिन से बांधा समां – Injured Foot Fails To Stop 13-year-old Violinist Ganga Shashidharan From Kalidas Samaroh Crowd In Ujjain

November 25, 2026


दर्द, पट्टी बंधा जख्मी पैर और चलने में तकलीफ पर 13 साल की नन्ही वायलिन वादिका गंगा शशिधरन के भीतर संगीत का जुनून इन सबसे कहीं ज्यादा भारी पड़ा। अखिल भारतीय कालिदास समारोह के मंच पर मंगलवार शाम गंगा ने जब अपनी वायलिन की कमान संभाली, तो उनके सुरों ने हर किसी को थाम लिया। पद्मभूषण पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल में जुटे श्रोताओं ने न सिर्फ उनकी साधना को सुना, बल्कि चोट को मात देते उनके हौसले को भी दिल से सराहा।

मंच तक पहुंचने में सहारा, सुरों में पूरी रवानी

प्रस्तुति से दो दिन पहले गंगा का पैर फिसलने से जख्मी हो गया था। पैर पर पट्टी बंधी थी और कदम लड़खड़ा रहे थे, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम में न आने का कोई बहाना नहीं बनाया। शाम करीब छह बजे वे पिता का हाथ थामकर संकुल पहुंचीं। एक्सप्रेशन क्वीन के नाम से पहचानी जाने वाली गंगा ने निदेशक डॉ. गोविंद गंधे, श्रीपाद जोशी और रूप पमनानी के साथ दीप प्रज्वलित किया और फिर पिता के सहारे अपनी जगह तक पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र की धुन छेड़ी, वहां मौजूद लोगों के लिए दर्द की चर्चा पीछे छूट गई और माहौल में सिर्फ संगीत की गूंज रह गई।

ये भी पढ़ें- आस्था के पथ पर विकास की रफ्तार: बदलने वाला है इंदौर-उज्जैन का सफर, खेतों के बीच तैयार हो रही नई सड़क

गर्भ से शुरू हुआ सुरों का सफर

गंगा के संगीत से जुड़ाव की कहानी उनके जन्म से पहले की है। उनके पिता शशिधरन के मुताबिक, जब गंगा अपनी मां के गर्भ में थीं, तभी उनकी मां ने वायलिन सीखना शुरू किया था। परिवार का मानना है कि सुरों से उनका नाता वहीं से जुड़ गया। गंगा ने करीब साढ़े चार साल की उम्र में वायलिन सीखना शुरू किया और छोटी उम्र में ही लगातार अभ्यास के दम पर बड़े मंचों तक पहुंच गईं।

बेटी के लिए कारोबार तक दांव पर

गंगा के पिता दुबई और ओमान में पार्ट्स का कारोबार करते हैं, लेकिन बेटी की संगीत यात्रा को प्राथमिकता देते हुए हर प्रस्तुति में उनके साथ रहते हैं। उनका कहना है कि गंगा की संगीत साधना जारी रखने के लिए जरूरत पड़ी तो वे कारोबार भी छोड़ सकते हैं। मंच पर जहां गंगा बेहद गंभीर और एकाग्र दिखती हैं, वहीं मंच के बाहर उनका चंचल और नटखट अंदाज भी देखने को मिलता है।

500 से ज्यादा मंच, विदेशों तक पहचान

कम उम्र में ही गंगा भारत और विदेश के 500 से अधिक मंचों पर प्रस्तुति दे चुकी हैं। केन्या, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और ओमान समेत कई देशों में उनके वायलिन के सुर गूंज चुके हैं। मलयालम के कई टीवी चैनलों पर भी उनके कार्यक्रम प्रसारित हो चुके हैं। उन्हें प्रतिष्ठित एमएस सुब्बुलक्ष्मी फेलोशिप मिल चुकी है और दिल्ली में पद्म विभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के हाथों भी सम्मानित हो चुकी हैं।

हिंदी नहीं आती, फिर भी दिल जोड़ने की कोशिश

गंगा को हिंदी भाषा का ज्यादा ज्ञान नहीं है, लेकिन उज्जैन की प्रस्तुति से पहले उन्होंने कुछ हिंदी पंक्तियां याद करने की कोशिश भी की। भाषा की दूरी और चोट की तकलीफ—दोनों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने साबित किया कि जब जुनून सच्चा हो, तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं रहती।

एक्सप्रेशन क्वीन गंगा का जज्बा, पट्टी बंधे पैर और पिता के सहारे मंच तक पहुंचीं

एक्सप्रेशन क्वीन गंगा का जज्बा, पट्टी बंधे पैर और पिता के सहारे मंच तक पहुंचीं

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X