Roorkee News:इनडोर खेलों में छात्राओं ने दिखाया दमखम, बैडमिंटन में ग्रेसी ने मारी बाजी – Female Students Showcase Their Prowess In Indoor Sports; Gracy Emerges Victorious In Badminton
कन्या महाविद्यालय की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को हुआ शुभारंभ
बृहस्पतिवार को नेहरू स्टेडियम में होंगी आउटडोर प्रतियोगिताएं
रुड़की। श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का बुधवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन इनडोर खेलों का आयोजन किया गया। इसमें कैरम, लूडो, शतरंज, बैडमिंटन, मुर्गा झपट और डार्ट बोर्ड सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। वहीं बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन नेहरू स्टेडियम में आउटडोर खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन में ग्रेसी, कैरम में सुमैया, लूडो में नाजिया, डार्ट बोर्ड में कृष्णा,और शतरंज में इंशा त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुर्गा झपट में ग्रेसी, नाजिया, मंतशा मिर्जा, अफीफा, नीता सैनी और साहिबा विजेता रहीं। सभी प्रतियोगिताएं समन्वयक डॉ. अलका आर्य और क्रीड़ा प्रभारी अंजलि प्रसाद के देखरेख में क्रीड़ा प्रशिक्षक याकूब खान के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। मुख्य अतिथि महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव सौरभ भूषण शर्मा ने दीप प्रज्वलित और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों से लड़ने का जज्बा भी विकसित होता है। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अनुपमा गर्ग ने विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर डॉ. भारती शर्मा, डॉ. कामना जैन, डॉ. अर्चना चौहान सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
