Haridwar News:स्टेशन पर दिव्यांगों को नहीं होगी परेशानी, बन रहा रैंप फुटओवरब्रिज – Ramp-style Foot-overbridge Being Constructed At The Station
– ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर सीढ़ियों के कारण प्लेटफॉर्म बदलने में होती थी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए दूसरों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। रेलवे की ओर से स्टेशन पर रैंप युक्त फुटओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इसके तैयार होने पर व्हीलचेयर के जरिये भी यात्री आसानी से प्लेटफॉर्म बदल सकेंगे।
दरअसल, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर कुछ साल पहले फुटओवरब्रिज बनाया गया था, लेकिन इसमें रैंप की सुविधा नहीं होने के कारण दिव्यांग और व्हीलचेयर से चलने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। सीढ़ियों के कारण उन्हें प्लेटफॉर्म बदलने के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी। बुजुर्ग यात्रियों को भी सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए अब रेलवे की ओर से रैंप वाला फुटओवरब्रिज बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसके शुरू होने से दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही बुजुर्गों और चलने-फिरने में असमर्थ यात्रियों के लिए भी स्टेशन पर आवागमन पहले से अधिक सुगम हो सकेगा। स्टेशन अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने बताया कि रैंप वाले फुटओवरब्रिज का कार्य चल रहा है। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
