Ludhiana News:हार्ट अटैक आने पर चालक ने सड़क किनारे रोका ट्रक, खुद की गई जान – When The Driver Had A Heart Attack, He Stopped The Truck By The Roadside And Lost His Life
जगरांव। नानकसर-जगरांव रोड पर बुधवार को एक ट्रक चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। चालक की सूझबूझ से एक बड़ा सड़क हादसा होने से बच गया। मृतक की पहचान वंत सिंह निवासी गांव जडाली खुर्द, अहमदगढ़ के रूप में हुई है।
वंत सिंह अपना ट्रक लेकर नानकसर-जगरांव रोड से गुजर रहा था। गांव काऊके कलां पहुंचने पर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सीने में तकलीफ और सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। उसने वाहन को सड़क किनारे रोका और एक क्लीनिक से दवा लेने का फैसला किया। वह डॉक्टर को अपनी खराब हालत बताकर आगे बढ़ा। हालांकि, उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और वह क्लीनिक नहीं पहुंच सका।
डॉक्टर और पुलिस की कार्रवाई
जब वंत सिंह क्लीनिक नहीं पहुंचा तो डॉक्टर को अनहोनी का शक हुआ। डॉक्टर ने ट्रक के पास पहुंचकर उसे गंभीर हालत में पाया पर मदद से पहले ही उसकी मौत हो गई। ट्रक सड़क पर खड़ा होने से नानकसर-जगरांव रोड पर लंबा जाम लग गया। चौकी काऊंके कलां की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया और बताया कि परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा।
