रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
लखनऊ

Lucknow News:पूरे जिले में एलडीए से पास कराना होगा नक्शा, विस्तारित क्षेत्र में आएंगी नई योजनाएं, अवैध कॉलोनियों पर लगेगी रोक – Building Plans Will Need To Be Approved By The Lda Throughout The Entire District; New Development Schemes Will Be Introduced In The Expanded Areas, And The Formation Of Illegal Colonies Will Be Curbed

November 26, 2026


लखनऊ। आने वाले दिनों में पूरे जिले में निर्माण किए जाने के मामले में एलडीए का कानून चलेगा। बिना प्राधिकरण से मानचित्र पास कराए निर्माण नहीं किया जा सकेगा। इससे अवैध कॉलोनियों पर रोक लगने के साथ नियोजित विकास होगा। सरकार की ओर से एलडीए का सीमा विस्तार पूरे जिले में किए जाने की सैद्धांतिक सहमति के बाद एलडीए ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही एलडीए के सीमा विस्तार पर मुहर लग जाएगी।

अभी प्राधिकरण की सीमा में 306 गांव हैं और इनका दायरा 1051 वर्ग किलोमीटर है। अब एलडीए की सीमा में 662 गांव और शामिल किए जा रहे हैं। इसकी सीमा में जिले के सभी गांव आ जाएंगे और कुल दायरा बढ़कर 3381 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा।

एलडीए वीसी अनुज सिंह ने बताया जिस तरह से शहर की आबादी बढ़ रही है उस हिसाब से इसका नियोजित विकास बहुत जरूरी है। अभी लोग अवैध और अनियोजित कॉलोनियों में बस जाते हैं जिससे आगे चलकर परेशानी होती है। बिजली, पानी, सीवर और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उन्हें नहीं मिल पाती हैं। एलडीए सीमा विस्तार वाले क्षेत्रों में विकास कार्य भी कराएगा।

आएंगी नई योजनाएं, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

एलडीए वीसी ने कहा कि सीमा विस्तार में आने वाले गांवों में लैंडपूलिंग के जरिये नई आवासीय योजनाएं भी लाई जा सकेंगी। इससे भूस्वामियों को फायदा होगा। उद्योग लगने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्टेट कैपिटल रीजन पर काम शुरू होने के बाद आसपास के जिले में विकास होगा। सीमा विस्तार से उन्हें भी फायदा मिलेगा।

खत्म होगा जिला पंचायत-एलडीए का विवाद

एलडीए की सीमा के बाहर अभी जिला पंचायत मानचित्र पास करता है। पूर्व में हुए सीमा विस्तार के बाद प्राधिकरण और जिला पंचायत के अधिकारों को लेकर विवाद भी उठा। एलडीए ने जिला पंचायत से पास मानचित्र को नहीं माना और कहा कि जो गांव अब एलडीए सीमा में आए हैं वे नए सिरे से नक्शा पास कराएं। अब पूरा जिला एलडीए में आ जाने पर विवाद ही समाप्त हो जाएगा।

वर्जन

जब तक सीमा विस्तार का प्रस्ताव कैबिनेट से पास होकर लागू नहीं हो जाता तब तक एलडीए के इंजीनियर विस्तारित सीमा वाले गांव में किसी भी निर्माण पर न तो नोटिस जारी करेंगे और न ही जांच के लिए जाएंगे। ऐसी शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी।

अनुज सिंह, वीसी, एलडीए

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X