ऑनलाइन धोखाधड़ी से सचेत रहें :वर्मा – Be Wary Of Online Fraud: Verma
राज्य सहकारी बैंक ने बनाहां की सेर गांव में लगाया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सराहां शाखा ने बनाहां धिनी पंचायत के बनाहां की सेर गांव में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान बैंक के शाखा प्रबंधक सिद्धांशु वर्मा ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को इन योजनाओं में पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे इनका लाभ उठा सकें।
शाखा प्रबंधक ने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते चलन के बीच एटीएम और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति भी ग्रामीणों को सचेत किया। उन्होंने अनजान व्यक्तियों के साथ बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करने और ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्कता बरतने की अपील की। इसके अलावा बैंक की ऑनलाइन सेवाओं, मोबाइल ऐप और अन्य डिजिटल माध्यमों के उपयोग की जानकारी भी दी।
शिविर में गांव की महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने भाग लिया। बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता अपनाने और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
