रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bilaspur News:दो तकनीशियन तैनात, फिर भी शाम पांच बजे बंद हो जाती है एक्सरे सुविधा – Two Technicians Are Deployed, Yet The X-ray Facility Shuts Down At 5 Pm
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:दो तकनीशियन तैनात, फिर भी शाम पांच बजे बंद हो जाती है एक्सरे सुविधा – Two Technicians Are Deployed, Yet The X-ray Facility Shuts Down At 5 Pm

November 26, 2026


क्षेत्रीय अस्पताल में रात को जांच न होने से मरीज परेशान, सड़क हादसों के घायलों को करना पड़ रहा एम्स रेफर

मंगलवार रात बाजू में चोट लगने पर घायल को एक्सरे के लिए नहीं मिली सुविधा

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दो एक्सरे तकनीशियन तैनात होने के बावजूद मरीजों को 24 घंटे एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में शाम पांच बजे के बाद एक्सरे मशीन बंद कर दी जाती है। ऐसे में रात के समय आपातकालीन विभाग में पहुंचने वाले सड़क हादसों के घायलों और अन्य मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। एक्सरे की सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीजों को एम्स बिलासपुर रेफर करना पड़ रहा है। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने के बावजूद जरूरी जांच नहीं हो पाने से मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी है।

मंगलवार रात को भी ऐसा ही मामला सामने आया। सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया। उसकी बाजू में चोट लगी थी। चोट की गंभीरता का पता लगाने और आगे का उपचार करने के लिए एक्सरे करवाना जरूरी था, लेकिन रात होने के कारण अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ मौजूद होने के बावजूद घायल का एक्सरे नहीं हो सका। इसके चलते उसे एम्स बिलासपुर रेफर करना पड़ा।

घायल के तीमारदार गौरव शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में यदि 24 घंटे एक्सरे की सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो सकती तो आपातकालीन मरीजों को उपचार के लिए कहां जाना पड़ेगा। सड़क हादसों या अन्य आपातकालीन स्थितियों में घायलों को सबसे पहले क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया जाता है। ऐसे में रात के समय एक्सरे नहीं होने से मरीजों को दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दो तकनीशियन होने के बावजूद रात को एक्सरे सुविधा उपलब्ध नहीं होना समझ से परे है। जब विशेषज्ञ चिकित्सक अस्पताल में मौजूद हैं तो जरूरी जांच की व्यवस्था भी होनी चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

पहले अस्पताल में एक्सरे तकनीशियन की कमी को सीमित सुविधा का कारण माना जा रहा था। अब दूसरी तकनीशियन की नियुक्ति होने से कुल संख्या दो हो गई है। इसके बावजूद शाम पांच बजे के बाद मशीन बंद होने से मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही थी। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रबंधन से एक्सरे सुविधा चौबीस घंटे उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि रात के समय आने वाले मरीजों को केवल एक्सरे की सुविधा न होने के कारण दूसरे अस्पताल रेफर नहीं करना पड़े।

अब दिन-रात मिलेगी एक्सरे की सुविधा

क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डॉ. एके सिंह ने बताया कि अस्पताल में अब दो एक्सरे तकनीशियन तैनात हैं। दूसरी तकनीशियन ने करीब एक सप्ताह पहले ही ज्वाइन किया है। दोनों तकनीशियनों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि मरीजों को अब दिन-रात एक्सरे की सुविधा अस्पताल में उपलब्ध करवाई जाए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X