मप्र हाईकोर्ट की पुलिस विभाग को फटकार:डीजीपी की 6 याचिकाएं खारिज कर लगाया जुर्माना, पीड़ितों का मुआवजा बढ़ा – Jabalpur: High Court Rejects 6 Dgp Appeals, Says Citizens Can Choose Where To Seek Medical Treatment
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सिवनी जिले में पुलिस बस की टक्कर से कार सवार तीन लोगों की मौत के मामले में मुआवजा राशि को चुनौती देने वाली पुलिस महानिदेशक (DGP) की ओर से दायर छह याचिकाएं खारिज कर दी हैं। कोर्ट ने प्रत्येक याचिका पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। वहीं मृतकों के परिजनों की ओर से मुआवजा राशि बढ़ाने के लिए दायर अपीलों में से दो को स्वीकार करते हुए अतिरिक्त मुआवजा देने का आदेश दिया है।
एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता और उपलब्धता के अनुसार बेहतर इलाज कराने का अधिकार है। पुलिस विभाग का यह तर्क कि पीड़ितों ने नागपुर में इलाज कराकर अधिक मेडिकल बिल पेश किए, जबकि वे मंडला जिला अस्पताल में भी उपचार करा सकते थे, हास्यास्पद और मनमानी थोपने जैसा है।
पुलिस बस और कार की हुई थी टक्कर
मामला 5 अप्रैल 2024 का है। सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में पुलिस बस और टाटा नेक्सन कार के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे में पुलिस बस पलट गई थी और कार में सवार मंडला निवासी चालक काजू महोबिया, निखिलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मौत हो गई थी। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (ट्रिब्यूनल) की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि को चुनौती देते हुए पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट में छह अपीलें दायर की थीं। वहीं पीड़ित पक्ष की ओर से मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर तीन अपीलें दायर की गई थीं।
पुलिस ने उठाए थे इलाज के खर्च पर सवाल
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से अधिवक्ता ने घटनास्थल का नक्शा पेश करते हुए दलील दी कि दुर्घटना आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई थी। हादसे में पुलिस बस पलटने की एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। सरकार ने यह भी तर्क दिया कि दीप्ति जसवानी और अशोक कुकरेजा के मामलों में विकलांगता प्रमाण पत्रों को गलत तरीके से स्वीकार कर मुआवजा तय किया गया। सरकार की ओर से कहा गया कि पीड़ितों ने बिना आवश्यकता नागपुर में इलाज कराया, जिसके कारण मेडिकल बिल की राशि बढ़ गई। यदि वे मंडला जिला अस्पताल में उपचार कराते तो इतना खर्च नहीं होता। इसे सह-लापरवाही का मामला बताते हुए मुआवजा राशि में संशोधन की मांग की गई।
ये भी पढ़ें: गुना: एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने वाला गिरोह पकड़ा, झारखंड के 2 संदिग्ध दबोचे, 2.70 लाख की ठगी का खुलासा
सबूत पेश नहीं कर पाया पुलिस विभाग
एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा कि रिकॉर्ड के अनुसार टाटा नेक्सन कार से टक्कर के बाद पुलिस बस पलट गई थी। सह-लापरवाही साबित करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से न तो कोई स्वतंत्र जांच कराई गई और न ही जांच अधिकारी से पूछताछ की गई। पुलिस विभाग ने कार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन अपने दावे के समर्थन में उसे रिकॉर्ड पर पेश नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि पुलिस महानिदेशक विभाग के प्रमुख होते हैं और हेड कांस्टेबल से लेकर थाना प्रभारी तथा वरिष्ठ अधिकारी उनके अधीन काम करते हैं। इसके बावजूद योगदायी लापरवाही साबित करने के लिए किसी स्वतंत्र गवाह से पूछताछ नहीं की गई। यहां तक कि पुलिस बस के चालक का बयान भी नहीं कराया गया। कोर्ट ने इसे पुलिस विभाग और उसके अधिकारियों की लापरवाही बताया।
इलाज के लिए अस्पताल चुनना नागरिक का अधिकार
एकलपीठ ने कहा कि पुलिस विभाग का यह तर्क कि दावेदारों ने अपनी मर्जी से नागपुर में इलाज कराया और अधिक मेडिकल बिल पेश किए, हास्यास्पद है। नागरिकों को अपनी क्षमता और उपलब्धता के अनुसार इलाज कराने की आजादी है। वे कहां इलाज कराएं, यह पुलिस विभाग की मर्जी या इच्छा पर निर्भर नहीं हो सकता। एकलपीठ ने मृतक निखिलेश जसवानी की पत्नी दीप्ति जसवानी की अपील स्वीकार करते हुए भविष्य की संभावित आय के मद में 25 प्रतिशत वृद्धि मंजूर की। इससे मुआवजा राशि में 12 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई। वहीं मृतक चालक पुरुषोत्तम उर्फ काजू महोबिया की मासिक आय 10 हजार रुपये के बजाय 12,410 रुपये मानते हुए मुआवजे में 4 लाख 55 हजार रुपये की वृद्धि की गई। कोर्ट ने निर्देश दिया कि अतिरिक्त मुआवजे की राशि को 10 साल के लिए मासिक आय योजना या बैंक में निवेश किया जाए। लाभार्थियों को इस पर मिलने वाला मासिक ब्याज निकालने की अनुमति होगी, लेकिन 10 साल तक मूलधन नहीं निकाला जा सकेगा।
इसके साथ ही कोर्ट ने राज्य सरकार पर प्रत्येक अपील के लिए 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और दावेदारों को प्रत्येक मामले में 10-10 हजार रुपये मुकदमे के खर्च के रूप में देने का आदेश दिया।
