Ghaziabad News:गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग बेहाल, गड्ढों में गुम हुआ विकास – Connecting Roads In Villages Are In A Dilapidated State; Development Has Vanished Into The Potholes
मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग से पाइपलाइन मार्ग और आसपास के गांवों की ओर जाना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। गांवों को जोड़ने वाले अधिकांश संपर्क मार्ग जर्जर हालत में हैं। कहीं सड़क पर गहरे गड्ढे हैं तो कहीं संकरा रास्ता और जाम लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। दुहाई-नवीपुर, असालतनगर-जलालपुर और शोभापुर को जोड़ने वाले मार्गों की हालत भी खराब है। गड्ढों के बीच से गुजरने के कारण वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं, दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने से चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुहाई से नवीपुर मार्ग तक सड़क की हालत खराब है। हनुमान मंदिर के सामने से असालतनगर होते हुए पाइपलाइन तक जाने वाले मार्ग पर भी जगह-जगह गड्ढे हैं। जलालपुर गांव से आगे और शोभापुर से जलालपुर तक का मार्ग भी जर्जर पड़ा है। इन रास्तों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं। सुबह नौकरी और कारोबार के लिए गाजियाबाद व दिल्ली जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से फोन पर सड़कों की बदहाली की समस्या के समाधान के बारे में जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की, उनसे संपर्क नहीं हो सका।
छह रास्तों से गुजरना भी आसान नहीं
दुहाई बंबा रोड पर जगह-जगह गड्ढे हैं और रास्ता संकरा है। एकल मार्ग होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। रात में सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से बंबे में वाहन गिरने का खतरा बना रहता है। असालतनगर बंबा रोड पर एक ओर पानी का बंबा और दूसरी ओर खेत होने से सामने से वाहन आने पर निकलना मुश्किल हो जाता है। असालतनगर से जलालपुर जाने वाले मार्ग पर गड्ढे और जलभराव परेशानी बढ़ाते हैं। दिल्ली-मेरठ मार्ग से जलालपुर गांव तक जाने वाला रास्ता भी काफी संकरा है। वहीं, उजाला माइनर रोड पर हाईवे से टेलीफोन एक्सचेंज रावली रोड तक सड़क बनने के बावजूद बिजली के खंभे और सड़क किनारे खड़े वाहन आवागमन में बाधा बनते हैं। रावली कट से जीतपुर होते हुए बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आबादी और बाजार के कारण जाम लगा रहता है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हो रहा समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सड़कों की मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गड्ढों के कारण कार और अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। सबसे ज्यादा खतरा दोपहिया वाहन चालकों को रहता है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से सभी संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
चंद्रेश शर्मा का कहना है कि दिल्ली और गाजियाबाद में नौकरी करने वाले हजारों लोग रोजाना इन रास्तों से गुजरते हैं। सुबह और शाम सड़क की खराब हालत के कारण काफी समय बर्बाद होता है। जनप्रतिनिधियों को खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति देखनी चाहिए।
डॉ. राजपाल तोमर का कहना है कि दुहाई और असालतनगर बंबा रोड की हालत लंबे समय से खराब है। सड़क संकरी होने के कारण सामने से वाहन आने पर निकलना मुश्किल हो जाता है। रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
एडवोकेट इमरान का कहना है कि सड़कों पर बने गहरे गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार बाइक और स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर जाती हैं। अधिकारियों को हादसे होने का इंतजार किए बिना सड़कों की मरम्मत करानी चाहिए।
विनोद जिंदल का कहना है कि जलालपुर और शोभापुर को जोड़ने वाले मार्ग की हालत भी खराब है। गड्ढों से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। सभी संपर्क मार्गों की एक साथ मरम्मत कराई जानी चाहिए।
