रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hisar News:2030 तक देश मुंह-खुर से मुक्त करने का लक्ष्य – Goal To Make The Country Free From Foot-and-mouth Disease By 2030
हिसार

Hisar News:2030 तक देश मुंह-खुर से मुक्त करने का लक्ष्य – Goal To Make The Country Free From Foot-and-mouth Disease By 2030

November 26, 2026


हिसार। वर्ष 2030 तक देश को मुंह-खुर रोग से मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत हरियाणा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान के पहले चरण में कंपार्टमेंट बनाए जाएंगे और इसके बाद जोन विकसित किए जाएंगे।

देश के नौ राज्यों में चलाए जा रहे इस अभियान में हरियाणा को शामिल किया गया है। प्रदेश में इसकी शुरुआत हिसार से होगी। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है। बुधवार को लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में मुंह-खुर रोग से जुड़े करीब 200 पशु चिकित्सकों और विभागीय अधिकारियों की राज्यस्तरीय कार्यशाला हुई।

इसमें टीकाकरण, रोग निगरानी, जांच और जैव सुरक्षा संबंधी उपायों पर प्रशिक्षण दिया गया।कार्यशाला के मुख्य अतिथि लुवास के कुलपति प्रो. विनोद कुमार ने कहा कि मुंह-खुर मुक्त अभियान में हरियाणा को तेजी से काम करना होगा।

लुवास के वैज्ञानिक हर स्तर पर विभाग को सहयोग देंगे। विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के तहत 2030 तक देश को इस रोग से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम में नियमित टीकाकरण, सीरोलॉजिकल परीक्षण, प्रयोगशाला निदान, जैव सुरक्षा और अभिलेखों का उचित रखरखाव जरूरी है।

कार्यशाला में विशेषज्ञों से मिली जानकारी जिलों में प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी पशु चिकित्सकों की होगी। लुवास प्रदेश सरकार को रोग निदान, सीरोलॉजिकल परीक्षण, आणविक अध्ययन, टीकाकरण की प्रभावशीलता का आकलन और रोग निगरानी में वैज्ञानिक व तकनीकी सहायता देगा।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने एफएमडी टीकाकरण अभियान के 12वें चरण का जिक्र करते हुए निर्धारित समय पर व्यापक टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जैव सुरक्षा नियमों के पालन और अधिकारियों के बीच समन्वय को जरूरी बताया।

चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय पशु स्वास्थ्य संस्थान, बागपत के संयुक्त आयुक्त डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने कहा कि रोग नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी, वैज्ञानिक जांच और समय पर पहचान जरूरी है।

हिसार में पशुपालन विभाग की उपनिदेशक डॉ. संगीता दलाल ने कहा कि कार्यशाला से प्रदेश की तैयारियों को मजबूती मिलेगी। तकनीकी सत्रों में टीकाकरण प्रक्रिया, निगरानी, सीरोलॉजिकल परीक्षण, प्रयोगशाला में पहचान, टीके की प्रभावशीलता, जैव सुरक्षा और अभिलेख प्रबंधन पर जानकारी दी गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X