Sonipat News:263 मुक्केबाजों के बीच खिताबी जंग, क्वार्टर फाइनल में खिलाड़ियों ने मारी बाजी – 263 Boxers Battle For The Title, With The Players Winning In The Quarterfinals
सातवीं सीनियर राज्य स्तरीय पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। घसो खुर्द स्थित आरोही सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रही सातवीं सीनियर राज्य स्तरीय पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन बुधवार को खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। 27 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 263 मुक्केबाज भाग ले रहे हैं। बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी देवी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में 50 किलोग्राम भार वर्ग में मोहित पंचकूला और सागर रोहतक, 55 किलोग्राम में प्रियांशु झज्जर और विनित साईं हिसार तथा 60 किलोग्राम में सिकंदर जींद और योगेश ढांडा कैथल ने जीत हासिल की।
इसी प्रकार 65 किलोग्राम भार वर्ग में नितिन जींद, 70 किलोग्राम में सचिन दलाल गुरुग्राम और हिमांशु सोनीपत तथा 75 किलोग्राम में नीरज साईं भिवानी और साहिल पानीपत ने अपने मुकाबले जीते। बृहस्पतिवार को विजेता मुक्केबाजों के बीच फाइनल में जगह बनाने के लिए सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
हार-जीत की परवाह किए बिना लक्ष्य पर निशाना साधें खिलाड़ी : मुन्नी देवी
मुन्नी देवी ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनसे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती भी प्रदान करते हैं। हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास, धैर्य और कड़ी मेहनत जरूरी है। खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता छोड़ खेल भावना के साथ मुकाबले करने चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। इस अवसर पर ओमबीर हुड्डा, वेदप्रकाश, ज्ञान सिंह, बलवंत सिंह, धर्मेंद्र, बलजीत सिंह, दलशेर, मंदीप नैन, संदीप नैन, मुनीत बेरवाल, आईटीआई प्राचार्य ओमप्रकाश, डीपीई वीरेंद्र और बॉक्सिंग कोच सुलोचना मौजूद रहे।
