Unnao News:पॉक्सो में झूठी गवाही पर वादी के खिलाफ वाद दर्ज करने के आदेश – Orders Issued To Initiate A Case Against The Complainant For Giving False Testimony In A Pocso Matter
= पीड़िता और वादी के बयानों में रहा गंभीर विरोधाभास
= अभियोजन पक्ष भी आरोप सिद्ध करने में रहा विफल
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के करीब आठ साल पुराने मामले में अपर सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह यादव ने साक्ष्य के अभाव में आरोपी युवक को दोषमुक्त कर दिया है। इसके साथ ही न्यायालय में झूठी गवाही देने पर किशोरी के पिता के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुरवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने 26 दिसंबर 2018 को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी बिछिया स्थित बृज भूषण सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा दस की छात्रा है। 20 दिसंबर 2018 की सुबह करीब नौ बजे बेटी परीक्षा देने कॉलेज गई थी। हालांकि शाम तक वापस नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान सहेली के फोन से बात होने पर उसने खुद को मुंबई में बताया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व एक युवती के विरुद्ध अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन जनवरी 2019 को पुरवा बस अड्डे से किशोरी को बरामद किया और छह जनवरी को मंगतखेड़ा बस स्टैंड से गंगाघाट के आजाद नगर निवासी जितेंद्र गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने शैक्षिक व चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने दलीलें पेश कीं। हालांकि, विचारण के दौरान वादी पिता और किशोरी अपने पूर्व के बयानों से मुकर गए। पीड़िता ने न्यायालय को बताया कि परिजनों की डांट से नाराज होकर वह अपनी मौसी के घर चली गई थी और आरोपी ने उसके साथ कोई गलत काम नहीं किया।
वहीं, एक्सरे रिपोर्ट समेत अन्य जांचों में किशोरी के घटना के समय बालिग होने की पुष्टि हुई। साक्ष्यों के अभाव में न्यायाधीश शैलेंद्र सिंह यादव ने आरोपी जितेंद्र गौतम को सभी आरोपों से दोषमुक्त करार दिया। कोर्ट ने अभियुक्त को 25 हजार रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र व एक प्रतिभू दाखिल करने का आदेश दिया है।
