Ghaziabad News:हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने निकाली न्याय यात्रा – Advocates Organize ‘justice March’ (nyay Yatra) To Demand A High Court Bench
गाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है। बुधवार को अधिवक्ताओं ने न्याय यात्रा निकालकर अपनी मांग को बुलंद किया। दोपहर करीब दो बजे कचहरी परिसर के बाहर से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में वकील शामिल हुए। अधिवक्ता अपनी गाड़ियों के साथ यात्रा में शामिल हुए और पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए नौ दिसंबर को दिल्ली तक पैदल मार्च निकालने की भी तैयारी की जा रही है।
न्याय यात्रा कचहरी के गेट से शुरू होकर पुराना बस अड्डा, घंटाघर और चौधरी मोड़ होते हुए नवयुग मार्केट स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां यात्रा का समापन किया गया। यात्रा में करीब 30 गाड़ियां शामिल रहीं। इसके अलावा अधिवक्ताओं के साथ न्याय रथ भी आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे रास्ते वकीलों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को प्रमुखता से उठाया।
बार एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए अधिवक्ता पिछले 45 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक केंद्र और राज्य सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए करीब 650 किलोमीटर दूर प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट जाना पड़ता है। इससे लोगों का काफी समय और पैसा खर्च होता है।
बार सचिव वरुण त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित होने से अधिवक्ताओं के साथ आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लोगों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी और न्याय हासिल करना अधिक सुलभ व किफायती हो सकेगा। अधिवक्ताओं ने साफ किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। नौ दिसंबर को प्रस्तावित दिल्ली पैदल मार्च को भी आंदोलन की अगली महत्वपूर्ण कड़ी है।
