रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:जमीन पर बैंक का ऋण भार, महिला की अपील खारिज – Bank Loan Burden On The Land; Woman’s Appeal Dismissed

November 26, 2026


धर्मशाला। पति से पारिवारिक समझौते के तहत मिली जमीन पर मालिकाना हक जताते हुए बैंक की कार्रवाई और बेदखली रोकने की मांग कर रही महिला को अदालत से राहत नहीं मिली। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश देहरा सपना पांडे की अदालत ने याचिकाकर्ता की अपील खारिज कर दी है।

अदालत ने स्पष्ट किया कि संबंधित जमीन पर बैंक के ऋण का भार दर्ज होने और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार की प्रक्रिया लंबित रहने के चलते फिलहाल महिला को अंतरिम निषेधाज्ञा नहीं दी जा सकती।

मामला ज्वालामुखी तहसील के अंतर्गत क्षेत्र की महिला ने 0-09-74 हेक्टेयर जमीन पर अपना मालिकाना हक और कब्जा बताते हुए राज्य सरकार के खिलाफ मुकदमा दायर किया था।

महिला का कहना था कि उसके पति ने पंजीकृत पारिवारिक समझौते के माध्यम से जमीन उसके नाम की थी और इंतकाल भी दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद जमीन पर ऋण का भार दर्ज करने और उसे बेदखल करने की कोशिश की जा रही है।

सरकार की ओर से अदालत में बताया गया कि महिला के पति ने एक अन्य व्यक्ति के 20 लाख रुपये के ऋण के लिए जमानत दी थी। इसके तहत खसरा नंबर 345 की जमीन पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक का ऋण भार दर्ज किया गया था।

वर्ष 2012-13 की जमाबंदी में यह प्रविष्टि छूट गई थी। बाद में मामला सामने आने पर राजस्व रिकॉर्ड में सुधार और जमीन के हस्तांतरण से संबंधित इंतकाल रद्द करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

अदालत ने रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद पाया कि संबंधित जमीन पर बैंक का दावा और ऋण भार दर्ज करने से जुड़ी राजस्व कार्रवाई लंबित है। बैंक ने भी पति की ओर से पत्नी के नाम किए गए जमीन के हस्तांतरण को अवैध बताते हुए इंतकाल रद्द करने की मांग की थी।

अदालत ने माना कि महिला जमीन को ऋण के भार से मुक्त साबित नहीं कर पाई। साथ ही वह अंतरिम राहत के लिए प्रथम दृष्टया मामला, सुविधा का संतुलन और अपूरणीय क्षति की शर्तें भी पूरी नहीं कर सकी। इसके चलते 25 नवंबर को अदालत ने अपील खारिज करते हुए निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X