कटनी में जैन समाज की संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद गहराया कि मामला धर्मशाला से निकलकर पुलिस थाने तक पहुंच गया। करीब 15 दिनों से चल रही तनातनी बुधवार को मारपीट में बदल गई। पहले धर्मशाला परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ और फिर शिकायत करने कोतवाली पहुंचे तो थाने के भीतर ही भिड़ गए। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को थाने का गेट बंद करना पड़ा और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, कोतवाली थाने के ठीक सामने स्थित जैन धर्मशाला और प्राथमिक पाठशाला की संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। एक पक्ष इसे दिगंबर जैन समाज की सामूहिक संपत्ति बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे अपने परिवार की पैतृक संपत्ति होने का दावा कर रहा है। बुधवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों पक्ष धर्मशाला परिसर में आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
ये भी पढ़ें- इंदौर: विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला फिर चर्चा में, खजराना गणेश में प्रतिबंधित गर्भगृह में जाकर किए दर्शन
इसके बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे लेकिन यहां भी विवाद शांत नहीं हुआ। थाने के भीतर ही दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अनुराग जैन के साथ मारपीट की घटना सामने आई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। वहीं विवाद की खबर समाज में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात संभाले।
संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क हैं। दिगंबर जैन पंचायत से जुड़े लोगों का कहना है कि धर्मशाला और पाठशाला समाज की सामूहिक संपत्ति हैं। इसके समर्थन में वे 21 अप्रैल 1915 को हुए ट्रस्ट पंजीयन और रजिस्ट्रेशन क्रमांक 206 का हवाला दे रहे हैं। वहीं अनुराग जैन का दावा है कि उनके पूर्वजों ने वर्ष 1913 में जमीन खरीदी थी और भवन बनवाकर समाज को उपयोग के लिए उपलब्ध कराया था। उनका कहना है कि समाज को भवन इस्तेमाल करने की अनुमति देने का अर्थ संपत्ति का मालिकाना हक सौंप देना नहीं है। एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि जैन समाज की संपत्ति को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हुए हैं। सड़क से लेकर थाना परिसर तक हुई मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।