रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:बिरहा गायिका रुचि के विवादित वीडियो पर मच रहा बवाल, ब्राह्मणों-संतों ने की सख्त ईशनिंदा कानून की मांग – Mp: Controversial Video Of Birha Singer Ruchi, Brahmins And Saints Demand Strict Blasphemy Law
उज्जैन

एमपी:बिरहा गायिका रुचि के विवादित वीडियो पर मच रहा बवाल, ब्राह्मणों-संतों ने की सख्त ईशनिंदा कानून की मांग – Mp: Controversial Video Of Birha Singer Ruchi, Brahmins And Saints Demand Strict Blasphemy Law

November 26, 2026


MP: Controversial video of Birha singer Ruchi, Brahmins and saints demand strict blasphemy law

हर्षा रिछारिया, रुचि यादव, पं. महेश पुजारी

विस्तार

उत्तर प्रदेश की बिरहा गायिका रुचि यादव के एक वायरल वीडियो को लेकर धर्मनगरी उज्जैन में भारी आक्रोश फैल गया है। वीडियो में भगवान शिव और भगवान विष्णु के प्रति कथित रूप से की गई आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियों के विरोध में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और पुजारी महासंघ ने मोर्चा खोल दिया है। समाज और संतों ने सरकार से देवी-देवताओं का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त ईशनिंदा कानून बनाने और कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

लोकगीत की आड़ में संस्कृति पर प्रहार बर्दाश्त नहीं – पं. महेश पुजारी

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष और पुजारी महासंघ के प्रमुख पं. महेश पुजारी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कविता और लोकगीत के नाम पर देवी-देवताओं के प्रति अश्लील व अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में भगवान शिव और विष्णु के अंगों को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, साथ ही ब्राह्मण समाज पर की गई टिप्पणी पर गायिका का हंसना भी बेहद निंदनीय है। पं. पुजारी ने केंद्र व राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में ईशनिंदा का मुकदमा दर्ज कर दोषियों को 10 से 20 साल तक की कड़ी सजा देने का स्पष्ट कानून बनना चाहिए। उन्होंने कथावाचकों और साधु-संतों के आचरण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा, अन्यथा धार्मिक मर्यादाओं का पतन होने लगेगा।

ये भी पढ़ें- इंदौर: विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला फिर चर्चा में, खजराना गणेश में प्रतिबंधित गर्भगृह में जाकर किए दर्शन

आस्था को ठेस पहुंचाने का किसी को अधिकार नहीं – साध्वी हर्षानंद

इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए साध्वी हर्षानंद ने कहा कि संबंधित महिला ने अपने शब्दों से मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों द्वारा ऐसी टिप्पणियों पर ठहाके लगाने और तालियां बजाने पर भी गहरा आश्चर्य और दुख जताया। साध्वी हर्षानंद ने कहा कि यदि किसी को किसी आस्था या देवी-देवता से असहमति है, तो वह उसे न माने, लेकिन बिना धर्मग्रंथों (जैसे शिव महापुराण) को जाने-पढ़े किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने संतों से आह्वान किया कि हमारी चुप्पी ऐसे तत्वों का मनोबल बढ़ाती है, इसलिए सख्त कानून के लिए आवाज उठाना बेहद जरूरी है।

यूपी में दर्ज हो चुकी है एफआईआर, पहले भी विवादों में रही हैं गायिका

गौरतलब है कि इस विवादित वीडियो के फेसबुक पर वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश के महेशगंज थाने में ‘स्वर्ण आर्मी’ की शिकायत पर रुचि यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में।एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। यह पहली बार नहीं है जब रुचि यादव विवादों में आई हैं; इससे पहले फरवरी माह में होली के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर कथित आपत्तिजनक बिरहा गीत गाने को लेकर भी प्रदेश के कई जिलों में बसपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। अब उज्जैन में भी इस मामले को लेकर बड़े विरोध की तैयारी की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X