Jhansi News:69 लाख से जखौरा-बुड़ेरा मार्ग पर बनेगी पुलिया – A Culvert Will Be Built On The Jakhaura-budera Road At A Cost Of 69 Lakh
बारिश में रपटा डूबने से टूट जाता है संपर्क, लोक निर्माण विभाग ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जखौरा ब्लॉक से बुड़ेरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर आवागमन की समस्या जल्द दूर होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर बने रपटा के स्थान पर पुलिया निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 69 लाख रुपये का स्टीमेट तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलने की प्रत्याशा में विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बुड़ेरा संपर्क मार्ग के किलोमीटर दो पर नाले के ऊपर रपटा बना हुआ है। बारिश के मौसम में नाले में पानी बढ़ने पर रपटा डूब जाता है। इससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो जाता है और गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से टूट जाता है। ग्रामीणों को इस दौरान आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग ने रपटा के स्थान पर पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। निर्माण पर करीब 69 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। विभाग को जल्द ही प्रस्ताव की स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। समय पर काम शुरू कराने के लिए स्वीकृति मिलने से पहले ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिया बनने से बारिश के दौरान भी ग्रामीणों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
बुड़ेरा मार्ग पर पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है।
— राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
