झांसी। लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में सोमवार को शाम पांच बजे से सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का दिव्य महानुष्ठान होगा। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इसमें श्रद्धालुओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
शनिवार को लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री एवं कार्यक्रम के आयोजक मनीष तिवारी ने मीडिया को बताया कि युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था संभालने के लिए पांच सौ स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए एसपीआई इंटर कॉलेज और शिल्प मेला मैदान में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सामूहिक पाठ के लिए सभी श्रद्धालुओं को हनुमान चालीसा की प्रति आयोजन स्थल पर निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में वीआईपी के लिए कोई अलग व्यवस्था नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने झांसीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर पं. मनोज पाठक, पं. लल्लन महाराज, पीयूष रावत, डॉ. जितेंद्र तिवारी, समीर तिवारी, पंकज त्रिपाठी, अमित नायक, मधुर श्रीवास्तव, पारस त्रिपाठी और शैलेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।