भारत और नेपाल के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का रेलवे ने किराया जारी कर दिया है। इसी के साथ बुकिंग भी शुरू हो गई है। पहले दिन 105 से अधिक बुकिंग हुईं। 28 नवंबर को जनकपुर धाम नेपाल से अयोध्या कैंट के लिए ट्रेन चलेगी। अयोध्या कैंट से 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को यह जनकपुर धाम जाएगी।
रेलवे ने इसके लिए किराया तय कर दिया है। अयोध्या से जनकपुर धाम तक शयनयान श्रेणी का किराया 365 रुपया, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का 965, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी का 885 और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1360 रुपया निर्धारित किया है। बृहस्पतिवार से इसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है।
इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट, रेल वन एप और रेलवे स्टेशन से की जा सकती है। रेलवे के अनुसार पहले दिन 28 नवंबर के लिए 105 से अधिक टिकटों की बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा अन्य तिथियों की भी बुकिंग जारी है।