रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Elephants Swimming Video: गहरे पानी में डूबा रहा शरीर, सिर्फ सूंड बाहर रखकर 7 किलोमीटर तक तैरते रहे हाथी; देखें वीडियो | Viral News
वायरल

Elephants Swimming Video: गहरे पानी में डूबा रहा शरीर, सिर्फ सूंड बाहर रखकर 7 किलोमीटर तक तैरते रहे हाथी; देखें वीडियो | Viral News

November 26, 2026


Last Updated:

Elephants Swimming Video: क्या आपने हाथियों को तैरते हुए देखा है? जिम्बाब्वे की करीबा झील में हाथियों के एक झुंड ने करीब 7 किलोमीटर लंबा खुला पानी तैरकर पार किया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हाथी मुख्य भूमि से मतुसाडोना नेशनल पार्क के एक टापू की ओर बढ़ते दिख रहे हैं. तैरते समय उनका पूरा शरीर पानी में डूबा रहा. सांस लेने के लिए हाथियों ने सिर्फ अपनी सूंड पानी की सतह से ऊपर उठाए रखी. हाथी असल में बेहद कुशल तैराक होते हैं.

VIDEO: पानी में डूबा शरीर, सिर्फ सूंड बाहर रखकर 7 किलोमीटर तक तैरते रहे हाथीZoom

सोशल मीडिया पर वायरल है झील में तैरते हाथियों का वीडियो. (Screenshot From Video Shared By X/Rainmaker1973)

नई दिल्ली: जिम्बाब्वे की विशाल करीबा झील में हाथियों के एक झुंड ने करीब 7 किलोमीटर का खुला पानी तैरकर पार किया है. इस घटना का एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में हाथियों का यह समूह मुख्य भूमि से मतुसाडोना नेशनल पार्क के एक टापू की तरफ जाता हुआ दिखाई दे रहा है. तैरने के दौरान इन विशालकाय जीवों का लगभग पूरा शरीर गहरे पानी के नीचे डूबा रहा. सतह के ऊपर सिर्फ उनके सिर और सूंड ही नजर आ रहे थे. हाथियों ने सांस लेने के लिए अपनी सूंड को पानी से बाहर उठाए रखा. आमतौर पर जमीन पर भारी-भरकम दिखने वाले इन जीवों की यह खूबी कम ही लोग जानते हैं. हाथी बहुत अच्छे तैराक होते हैं और गहरे पानी के बड़े हिस्सों को आसानी से पार कर सकते हैं.

भारी-भरकम शरीर, फिर हाथी इतने कुशल तैराक कैसे?

अपनी विशाल काया के बावजूद हाथी पानी में बेहद फुर्ती से तैरते हैं. तैरते समय उनका शरीर पानी के अंदर रहता है और वे अपने पैरों को चप्पू की तरह चलाकर आगे बढ़ते हैं. इस दौरान उनकी सूंड एक स्नॉर्कल पाइप की तरह काम करती है. हाथी अपनी सूंड के सिरे को पानी की सतह से ऊपर रखते हैं, जिससे वे पानी में डूबे रहकर भी लगातार सांस ले पाते हैं.

हाथियों के रेस्पिरेटरी सिस्टम में एक बेहद खास बनावट होती है. ज्यादातर स्तनधारी जीवों के फेफड़ों और छाती की दीवार के बीच तरल पदार्थ से भरी एक खाली जगह होती है. हाथियों में यह खाली जगह कनेक्टिव टिश्यू से भरी रहती है. साइंटिस्ट्स इस खास शारीरिक बनावट को पानी के भीतर सांस लेते समय बनने वाले दबाव से जोड़कर देखते हैं. वायरल वीडियो में भी हाथी बिना किसी परेशानी के झील के खुले पानी को पार करते नजर आ रहे हैं.

झील में मस्त तैरते दिखा हाथियों का झुंड. (वीडियो : X/Rainmaker1973)

करीबा झील कैसे बनी जंगली जानवरों का ठिकाना?

पानी के भंडारण के हिसाब से करीबा झील दुनिया की सबसे बड़ी मानव निर्मित झील है. जिम्बाब्वे और जाम्बिया की सीमा पर बहने वाली जाम्बेजी नदी पर 1955 से 1959 के बीच करीबा डैम बनाया गया था. इस बांध के निर्माण के बाद एक विशाल घाटी में पानी भर गया और यह झील अस्तित्व में आई.

झील का जलस्तर बढ़ने से हजारों जंगली जानवर टापुओं और ऊंची जगहों पर फंस गए थे. उन्हें बचाने के लिए 1958 से 1964 तक ‘ऑपरेशन नोआ’ नाम से एक बड़ा रेस्क्यू अभियान चलाया गया. इस अभियान में करीब 6,000 जानवरों की जान बचाई गई. इनमें से ज्यादातर जानवरों को उस इलाके में बसाया गया, जिसे आज मतुसाडोना नेशनल पार्क के नाम से जाना जाता है. यह पार्क करीबा झील के दक्षिणी किनारे पर फैला है. यहां के घास के मैदान, जंगल और टापू आज हाथियों समेत कई वन्यजीवों का घर हैं.

authorimg
दीपक वर्माDeputy News Editor

दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…

और पढ़ें

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X