यूपीपीएससी पीसीएस प्री 2026:27 नवंबर को जारी होगी सिटी स्लिप, आयोग ने बताया कब आएगा प्रवेश पत्र; देखें नोटिस – Uppsc Pcs Prelims 2026: Exam On December 6, District Slip And Admit Card Dates, Check Notice
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), प्रयागराज ने सम्मिश्रित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य/विशेष चयन) प्रारंभिक परीक्षा 2026 के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। आयोग की ओर से जारी नोटिस में परीक्षा की तारीख, समय, जिला सूचना पर्ची, प्रवेश पत्र और परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से जुड़े नियम बताए गए हैं। आयोग ने सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड जारी करने की तिथियां भी घोषित कर दी हैं।
6 दिसंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
यूपीपीएससी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर 2026, रविवार को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी:
| पाली | परीक्षा का समय |
|---|---|
| पहली पाली | सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक |
| दूसरी पाली | दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक |
यूपीपीएससी पीसीएस प्री की सिटी स्लिप कब आएगी?
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 से आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर ओटीआर नंबर से लॉगिन करके जिला सूचना पर्ची (सिटी स्लिप) डाउनलोड कर सकेंगे। इसमें परीक्षा के लिए आवंटित जिले की जानकारी होगी, ताकि अभ्यर्थी पहले से यात्रा की व्यवस्था कर सकें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिला सूचना पर्ची प्रवेश पत्र नहीं है। इसमें परीक्षा केंद्र का पूरा पता नहीं माना जाना चाहिए।
यूपीपीएससी पीसीएस का एडमिटा कार्ड कब जारी होगा?
परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 1 दिसंबर 2026 से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। अभ्यर्थियों को अपने ओटीआर नंबर से लॉगिन करके प्रवेश पत्र और परीक्षा संबंधी निर्देश डाउनलोड करने होंगे। परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य होगा:
- प्रवेश पत्र की प्रिंट की हुई प्रति
- हाल की दो पासपोर्ट आकार की तस्वीरें
- फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति
- फोटो पहचान पत्र की एक छायाप्रति
परीक्षा कक्ष में प्रवेश के बाद अभ्यर्थियों को दोनों तस्वीरें और पहचान पत्र की छायाप्रति कक्ष निरीक्षक को जमा करनी होगी।
नोटिस देखें:

परीक्षा केंद्र के गेट 45 मिनट पहले बंद होंगे
आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के लिए समय-सीमा तय की है।
- परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश शुरू होगा।
- परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
- गेट बंद होने के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसलिए अभ्यर्थियों को केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की व्यवस्था करनी चाहिए।
नकल पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान
आयोग ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल, नकल में सहायता, दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देना, प्रश्नपत्र लीक करना या गोपनीय परीक्षा सामग्री का खुलासा करना कानून के तहत अपराध है। पकड़े जाने पर अधिकतम एक करोड़ रुपये तक जुर्माने और आजीवन कारावास का प्रावधान बताया गया है। अपराध की प्रकृति और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार अदालत दोनों सजाएं भी दे सकती है।
