रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

Hisar News:69 बसों के बेड़े में 24 नकारा, डिपो की एकमात्र एसी बस भी चंडीगढ़ में खराब खड़ी – Out Of A Fleet Of 69 Buses, 24 Are Unserviceable; The Depot’s Only Ac Bus Is Also Lying Broken Down In Chandigarh

November 26, 2026


हांसी। रोडवेज बसों की कमी से पहले ही परेशान यात्रियों की मुश्किलें हांसी डिपो की बदहाल व्यवस्था ने और बढ़ा दी हैं। डिपो की 69 बसों के बेड़े में से 24 बसें तकनीकी खराबियों के कारण वर्कशॉप और दूसरे डिपो में धूल फांक रही हैं।

इसका असर चंडीगढ़, गुरुग्राम और पानीपत जैसे प्रमुख शहरों के रूटों पर पड़ा है। डिपो की एकमात्र एसी बस भी चंडीगढ़ में खराब खड़ी है। कई सेवाएं बंद होने से 110 गांवों के यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। बस स्टैंड परिसर में कूड़े के ढेर के बीच खड़ी बसें परिवहन व्यवस्था की बदहाली की तस्वीर पेश कर रही हैं।

हांसी से चंडीगढ़, पानीपत और गुरुग्राम के लिए तीन-तीन बसें बंद हैं। महिलाओं के लिए संचालित हांसी-हिसार और हांसी-लाडवा बस सेवाएं भी प्रभावित हैं।

यात्री राधेश्याम और नवीन कुमार ने बताया कि वह डेढ़ घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं। समय पर बस नहीं मिलने से गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी :

हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन महासंघ के सब डिपो प्रधान मनजीत सोरखी ने बताया कि हांसी में 20 और हिसार में चार बसें खराब खड़ी हैं। उन्होंने मरम्मत व नियमित रखरखाव की मांग करते हुए धरने-प्रदर्शन की चेतावनी दी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पूर्व प्रधान राजबीर सिंह सिवाच ने बताया कि बसों में टायरों की कमी है और कई की बैटरियां खराब हैं। इससे रास्ते में बसें बंद होने का खतरा बना रहता है और चालक-परिचालक परेशान हैं।

:::::::::::::::

डिपो की 24 बसों के खराब होने से संबंधित मामला लिखित रूप में हिसार जीएम के पास भेज दिया गया है। बसों की तकनीकी खराबियों और मरम्मत से जुड़ा समाधान हिसार जीएम कार्यालय स्तर पर ही किया जाएगा। – सतबीर सिंह यादव, ट्रैफिक मैनेजर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X