रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:बूंदी में सवामणि का भोजन बना आफत, दाल-बाटी खाने के बाद 60 लोग बीमार; गांव में मचा हड़कंप – 60 Fall Ill After Feast In Hindoli’s Pipliya Village
बूंदी

राजस्थान:बूंदी में सवामणि का भोजन बना आफत, दाल-बाटी खाने के बाद 60 लोग बीमार; गांव में मचा हड़कंप – 60 Fall Ill After Feast In Hindoli’s Pipliya Village

November 26, 2026


बूंदी जिले के हिण्डोली क्षेत्र के दबलाना थाना इलाके के पिपलिया गांव में सवामणि कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद करीब 60 महिला-पुरुषों की तबीयत बिगड़ गई। दाल-बाटी खाने के बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में हड़कंप मच गया। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, पिपलिया गांव में जुझार जी के सवामणि कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें करीब 200 से 300 लोगों ने भोजन किया था। ग्रामीणों के मुताबिक, कार्यक्रम में दाल-बाटी बनाई गई थी। भोजन करने के कुछ देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते करीब 60 महिला-पुरुष उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए।

बीमार लोगों में से 40 को हिण्डोली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 20 मरीज नैनवां अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इनमें से एक मरीज की हालत ज्यादा खराब होने और लगातार उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते उसे बूंदी रेफर किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव

घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सा विभाग की टीम गांव पहुंची और बीमार लोगों से जानकारी जुटाई। टीम ग्रामीणों और पीड़ितों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। सभी मरीजों का चिकित्सा विभाग की निगरानी में उपचार जारी है।

भोजन सामग्री की खरीद की भी जांच

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने उस स्थान पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, जहां से कार्यक्रम के लिए भोजन सामग्री खरीदी गई थी। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि बूंदी जिले के गोठड़ा निवासी लक्ष्मण जी के यहां कार्यक्रम के लिए भोजन तैयार करवाया गया था। सवामणि में 200 से 300 लोग शामिल हुए थे, जिनमें से करीब 60 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल भोजन के कारण फूड पॉइजनिंग होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, लोगों के बीमार होने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। चिकित्सा विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X