बिहार न्यूज:शादी के भोज के बाद डिपो में सोने गया प्रॉपर्टी डीलर, सुबह मिला शव; गला दबाकर हत्या की आशंका – Biharnews-samastipur-property-dealer-tinku-paswan-dead-body-depot-murder-suspicion
शादी की खुशियां अभी घर से विदा भी नहीं हुई थीं कि एक परिवार में मातम पसर गया। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को बालू-गिट्टी के डिपो में प्रॉपर्टी डीलर टिंकू पासवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले और पैर पर चोट के निशान मिलने से घटना संदिग्ध हो गई है।
परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख गांव के वार्ड संख्या-31 निवासी टिंकू पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार को परिवार में चचेरी बहन की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने और भोज खाने के बाद टिंकू अपने डिपो पर सोने चले गए थे। गुरुवार को डिपो में काम करने वाले मुंशी अवध दास ने उन्हें मृत अवस्था में देखा। इसके बाद परिवार के लोगों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन डिपो पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
गले और पैर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
मृतक के भाई राजेश्वर हजारी ने बताया कि टिंकू शादी का भोज खाने के बाद बुधवार देर रात अपने डिपो पर सोने गए थे। गुरुवार को उनकी मौत की सूचना मिली। उनके शरीर पर गले और पैर में चोट के निशान हैं। उन्होंने आशंका जताई कि टिंकू की गला दबाकर हत्या की गई है। भाई ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। हालांकि, हत्या की आशंका की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर रोजी-रोटी का संकट
टिंकू पासवान की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के अनुसार, वह व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पिता की मौत के बाद तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजन इस घटना से सदमे में हैं।
ये भी पढ़ें- बीपीएससी: कृषि विभाग में 147 पदों पर भर्ती, 15 दिसंबर से करें आवेदन; जानें योग्यता और परीक्षा पैटर्न
सभी बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित सुमन ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
