श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर को जिले के छह केंद्रों पर आयोजित होगी। इसमें 2712 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को डीएम मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। परीक्षा की निगरानी के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे कंट्रोल रूम के जरिए निगरानी होगी। आयोग की पर्यवेक्षक और निरीक्षण टीमें भी पहुंचेंगी। परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र पर ही प्रवेश मिलेगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।