खड़िनी। हर घर जल योजना के तहत खड़िनी-हसेरन मार्ग पर खोदे गए गड्ढे दो माह से खुले पड़े हैं। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है।
करीब छह माह पहले क्षेत्र में हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई थी। तकनीकी खामी आने पर दो माह पूर्व नगला तोरन से खटकरी के बीच करीब दस स्थानों पर खुदाई हुई। संबंधित विभाग ने इन गड्ढों को भरवाने की जहमत नहीं उठाई। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। खड़िनी के स्कूलों और कॉलेजों के छात्र व शिक्षक भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। रात के अंधेरे में और वाहनों की आवाजाही के दौरान ये खुले गड्ढे हादसे की वजह बन सकते हैं।
ग्रामीण ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, बृजपाल सिंह भदौरिया, दिनेश प्रताप सिंह और जितेंद्र सिंह ने समस्या बताई। तेजपाल सिंह, माधवेंद्र सिंह बैस और भोले सिंह बैस ने भी अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। विजय सिंह भदौरिया, शिवप्रताप सिंह, हरिश्चंद सिंह और रोबिन सिंह ने प्रशासन व जल निगम से गड्ढे भरवाने की मांग की। उन्होंने सड़क की मरम्मत और पाइपलाइन की खामी दूर कर सुचारु जलापूर्ति शुरू करने को भी कहा। जल निगम के अवर अभियंता अमित कुमार राजपूत ने जल्द ही लाइन सही करवाकर गड्ढे बंद करवाने का आश्वासन दिया।